
1. आइसक्रीम के लिए रैप
भुट्टे के साफ छिलकों को फेंकने के बजाय आइसक्रीम के लिए रैप की तरह उपयोग किया जा सकता है। इसके लिए छिलकों को उबलते पानी में थोड़ा नमक और बेकिंग सोडा डालकर कुछ देर रखें। इसके बाद उन्हें अच्छी तरह धोकर और सुखा लें। अब छिलकों को मोड़कर आइसक्रीम कोन जैसा शेप दें और फिर पिन से सेट कर लें। इसमें आइसक्रीम रख सकते हैं। ध्यान रखें कि छिलका खाने के लिए नहीं है, सिर्फ आइसक्रीम को पकड़ने के लिए उपयोग करना है।
2. ऑइल लैंप और पैकेजिंग
भुट्टे के छिलकों के पतले रेशों को अच्छी तरह सुखाकर और आपस में लपेटकर तेल के दीये के लिए नेचुरल बाती बनाई जा सकती है। इसके अलावा सूखे छिलकों का उपयोग कांच या दूसरी नाजुक चीजों को पैक करने में भी किया जा सकता है। इन्हें सामान के चारों तरफ रखने से बॉक्स के अंदर कुशन जैसा काम हो सकता है और सामान को झटकों से बचाने में मदद मिल सकती है।
3. बास्केट और डेकोरेटिव आइटम्स
सूखे भुट्टे के छिलकों को थोड़ा गीला करके उनसे छोटी बास्केट, टेबल मैट और रस्सी जैसी चीजें बनाई जा सकती हैं। इनसे आर्टिफिशियल फूल, कोस्टर, गुड़िया और वॉल हैंगिंग जैसे कई क्राफ्ट आइटम भी तैयार किए जा सकते हैं। थोड़ी सी क्रिएटिविटी के साथ इन बेकार समझे जाने वाले छिलकों से घर के डेकोरेशन के साथ सुंदर सामान बनाया जा सकता है।
4. गार्डनिंग और क्लीनिंग
सूखे छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर कंपोस्ट में डाला जा सकता है। इससे फर्टिलाइजर बना सकते है। इन्हें गमले की मिट्टी के ऊपर भी बिछाया जा सकता है, जिससे मिट्टी की नमी कुछ समय तक बनी रह सकती है। वहीं हरे और साफ छिलकों को इकट्ठा करके हल्के स्क्रबर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे बर्तन या स्टोव की जमी चिकनाई साफ करने में मदद मिल सकती है।
5. कुकिंग या स्टीमिंग
भुट्टे के साफ छिलकों को स्टीमिंग में भी उपयोग किया जा सकता है। इडली, ढोकला या मोमोज बनाते समय स्टीमर की प्लेट पर इन्हें बिछाया जा सकता है, इससे खाना सीधे प्लेट से नहीं चिपकेगा। लेकिन उपयोग करने से पहले छिलकों को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है। इससे बटर पेपर का उपयोग कम होगा और खाने में हल्की प्राकृतिक खुशबू भी मिलेगी।
भुट्टे के छिलकों को बेकार समझकर फेंकने की बजाय उनका फिर से उपयोग किया जा सकता है। इनसे घर की छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए काम की चीजें बनाई जा सकती हैं और कचरा भी कम किया जा सकता है। बस छिलकों को साफ-सुथरे तरीके से उपयोग करें और खाने या स्किन पर लगाने से पहले अच्छी तरह साफ करना जरूरी है।