विदेशी फिल्ममेकर ने पहली बार Vande Bharat में किया सफर, 8 घंटे बाद दिया ऐसा रिएक्शन

विदेशी फिल्ममेकर माइक नून ने वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर का अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया। बेंगलुरु से हैदराबाद तक की यात्रा के दौरान ट्रेन की सुविधाएं और रास्ते के नजारे उन्हें पसंद आए। उन्होंने वंदे भारत की तारीफ करते हुए इसे भारत की बेहतरीन पैसेंजर ट्रेनों में शामिल बताया। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है

अपडेटेड Sep 05, 2026 पर 12:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
माइक नून के लिए बेंगलुरु से हैदराबाद तक का यह सफर सिर्फ एक ट्रेन यात्रा नहीं रहा।

भारत घूमने आए इंटरनेशनल फिल्ममेकर माइक नून ने वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर का अपना अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया है। बेंगलुरु से हैदराबाद तक करीब आठ घंटे की यात्रा के बाद उन्होंने ट्रेन की जमकर तारीफ की। माइक ने कहा कि वह भारत में यात्रा का एक अलग अनुभव दिखाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने वंदे भारत को चुना।

उन्होंने वीडियो में इसे भारत की सबसे शानदार पैसेंजर ट्रेन बताया और कहा कि आमतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स भारत में यात्रा के मुश्किल या खराब अनुभव दिखाते हैं, लेकिन वह कुछ अलग दिखाना चाहते थे।

सीट से लेकर खाने तक, हर चीज ने खींचा ध्यान


यात्रा शुरू होते ही माइक को ट्रेन में मिलने वाली जानकारी वाली बुकलेट ने आकर्षित किया। इसमें अलग-अलग शहरों के मशहूर खाने के बारे में बताया गया था। हैदराबाद की बिरयानी, बेंगलुरु के कबाब और कोलकाता की मछली का भी जिक्र था। कोलकाता की मछली देखकर माइक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद बंगालियों को मछली पसंद है। उनके इस कमेंट ने बाद में सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींचा।

घूमने वाली सीट देखकर हुए इम्प्रेस

वंदे भारत की सीटों ने भी माइक को खासा प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि सीटों को बाहर की तरफ घुमाया जा सकता है, जिससे यात्री खिड़की की ओर मुड़कर बाहर का नजारा आराम से देख सकते हैं।माइक ने अपने अंदाज में सीट पर बैठकर किताब पढ़ने को लेकर भी मजाक किया, जिससे वीडियो और हल्का-फुल्का हो गया।

खाने की तारीफ, सूप पर भी किया मजेदार कमेंट

सफर के दौरान यात्रियों को स्नैक्स और खाना परोसा गया। माइक ने खाने का स्वाद लेते हुए मजाक किया कि उनके चेहरे से ही पता चल रहा है कि खाना कितना अच्छा है। इसके बाद इंस्टेंट सूप भी सर्व किया गया। सूप के पैकेट पर रणवीर सिंह की तस्वीर देखकर उन्होंने फिर मजाकिया अंदाज में कहा कि पैकेट पर अभिनेता के चेहरे से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि सूप कितना स्वादिष्ट होगा।

दक्षिण भारत के नजारों ने जीता दिल

खाने और आरामदायक सीटों के अलावा ट्रेन से बाहर दिख रहे दक्षिण भारत के खूबसूरत नजारे माइक को सबसे ज्यादा पसंद आए। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के ग्रामीण इलाकों की खूबसूरती को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। रास्ते के प्राकृतिक नजारे देखते हुए उनकी यात्रा और भी यादगार बन गई।

डिनर के बाद मिली आइसक्रीम, सफर हुआ पूरा

यात्रा के दौरान डिनर भी परोसा गया, जिसकी माइक ने तारीफ की। उन्हें लगा कि अब इससे बेहतर क्या हो सकता है, तभी आइसक्रीम भी सर्व कर दी गई।

करीब आठ घंटे की यात्रा के बाद ट्रेन हैदराबाद पहुंची। स्टेशन पर काफी भीड़ थी, लेकिन माइक के मुताबिक पूरा सफर इतना शानदार रहा कि वहां पहुंचने के बाद भी वह काफी संतुष्ट महसूस कर रहे थे।

उन्होंने वीडियो के अंत में वंदे भारत को धन्यवाद देते हुए कहा, “Thanks for the lift, Vande Bharat.”

सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?

माइक के वीडियो पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आईं। कई यूजर्स ने ट्रेन को आरामदायक और शानदार बताया। एक यूजर ने लिखा कि सफर काफी कूल और कंफर्टेबल लग रहा है। वहीं, एक अन्य यूजर ने उन्हें एर्नाकुलम से बेंगलुरु वाली वंदे भारत में सफर करने की सलाह दी।

बंगालियों और मछली वाले उनके मजाक पर भी लोगों ने प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने बताया कि बंगालियों के मछली और चावल खाने को लेकर यह एक आम धारणा है।

कुछ लोगों ने भविष्य में भारत में आने वाली बुलेट ट्रेन का जिक्र करते हुए माइक को दोबारा भारत आने का न्योता भी दिया।

वंदे भारत का सफर बना यादगार

माइक नून के लिए बेंगलुरु से हैदराबाद तक का यह सफर सिर्फ एक ट्रेन यात्रा नहीं रहा। आरामदायक सीटों, खाने और दक्षिण भारत के खूबसूरत नजारों ने उनके अनुभव को खास बना दिया। उनके वीडियो ने यह भी दिखाया कि भारत की आधुनिक रेल यात्रा विदेशी यात्रियों के लिए कितनी दिलचस्प हो सकती है।

आप कितने साल जिएंगे? रिसर्च में सामने आया चौंकाने वाला कनेक्शन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।