24 May Weather Report, Rain Alert: राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में गर्मी से झुलस रहे लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। देश के कई हिस्सों में पिछले दिनों बारिश हुई है तेज हवाओं और बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी देश के कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में कई जगहों पर प्री-मानसून की दस्तक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग (IMD) ने 24 मई 2025 के लिए ताजा मौसम अपडेट जारी किया है।
यहां मिलेगी गर्मी से राहत
उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम में बदलाव से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे गर्मी से काफी राहत महसूस होगी। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और बिहार में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच सकता है, जिससे आने वाले दिनों में और अधिक बारिश की संभावना है।
23 मई को अरब सागर में दक्षिण कोंकण तट के पास एक "वेल मार्क्ड लो प्रेशर" सिस्टम बना है। यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके चलते पश्चिमी तट के राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि 24 मई से इस हफ्ते महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मुंबई के लिए अगले 5 दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए आज के दिन रेड अलर्ट जारी किया गया है, यानी यहां भारी बारिश की संभावना है। रायगढ़ जिले में भी अगले 5 दिनों तक ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसमें चेतावनी दी गई है कि कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
केरल में भारी बारिश के आसार
केरल के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि अगले दो दिनों में केरल में मानसून के पहुंचने की संभावना है, जिससे आने वाले हफ्ते में प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कन्नूर और कासरगोड के लिए 24 से 26 मई तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड के लिए 25 और 26 मई को रेड अलर्ट रहेगा।