MP Wedding Scam: मध्य प्रदेश में पल भर में चूर-चूर हुए शादी के सपने! घंटों तक दुल्हनों का इंतजार करते रहे 40 से ज्यादा दूल्हे

MP Wedding Scam: देवास में अनाथ आश्रम की युवतियों से शादी कराने का झांसा देकर 42 दूल्हों और उनके परिजनों को ठगने के आरोप में मध्य प्रदेश पुलिस ने एक कपल को गिरफ्तार किया है। देवास के बैंक नोट प्रेस थाने के सब-इंस्पेक्टर राहुल परमार ने बताया कि शादी के नाम पर ठगी के मामले में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रविवार (24 मई) देर रात मामला दर्ज किया गया

अपडेटेड May 25, 2026 पर 3:39 PM
MP Wedding Scam: इस मामले में देवास पुलिस ने एक कपल को गिरफ्तार किया है

MP Wedding Scam: मध्य प्रदेश के देवास से शादी के नाम पर 40 से अधिक दूल्हों से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। देवास में अनाथ आश्रम की युवतियों से शादी कराने का झांसा देकर 42 दूल्हों और उनके परिजनों को ठगने के आरोप में पुलिस ने एक कपल को गिरफ्तार किया है। देवास के बैंक नोट प्रेस थाने के सब-इंस्पेक्टर राहुल परमार ने बताया कि शादी के नाम पर ठगी के मामले में चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी के आरोप में रविवार (24 मई) देर रात मामला दर्ज किया गया।

परमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सुनीता दास बैरागी और उसके पति मुकेश दास बैरागी को गिरफ्तार किया है। जबकि दो फरार आरोपियों नरसिंह दास बैरागी और दिनेश दास बैरागी की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने दूल्हों एवं उनके परिजनों से कहा कि वे देवास के एक धार्मिक स्थल में सामूहिक समारोह के दौरान उनकी शादी कराएंगे और इसके बदले उनसे 10,000 रुपये से 25,000 रुपये तक की राशि वसूली गई।

परमार के मुताबिक, आरोपियों ने दूल्हों को झांसा दिया कि उनकी दुल्हनें इंदौर के एक अनाथ आश्रम में रहती हैं। सब-इंस्पेक्टर ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "शुरुआती जांच में पता चला है कि ठगों ने सोशल मीडिया से सुंदर युवतियों की तस्वीरें लीं और उन्हें दूल्हों के पीड़ित परिवारों के सामने दुल्हनों के तौर पर पेश किया।"


रात 10 बजे तक दुल्हन का करते रहे इंतजार

पीड़ित परिवारों के लोगों ने बताया कि राज्य के अलग-अलग जिलों में रहने वाले दूल्हे अपने परिजनों समेत रविवार सुबह देवास के तय स्थान पर पहुंचे। वे रविवार रात 10 बजे तक दुल्हनों का इंतजार करते रहे। ठगी का अहसास होने पर वे पुलिस थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि 42 दूल्हों और उनके परिजनों को शादी के नाम पर ठगा गया है। हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि अब तक केवल 10 पीड़ित परिवारों ने पुलिस से संपर्क किया है। कई परिवारों ने सामाजिक तौर पर शर्मिंदा होने के डर से शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: 'मौत से बेहतर है कि बेटी तलाकशुदा हो..': ट्विशा शर्मा मामले में सुप्रीम कोर्ट में ऐसा क्यों बोली सरकार?

अधिकारी ने बताया कि शादी के नाम पर ठगी के मामले की विस्तृत जांच जारी है। आरोपियों ने दूल्हों को सोशल मीडिया पर कई लड़कियों की तस्वीरें दिखाई थी। इन तस्वीरों को देखकर दूल्हों ने अपनी पसंद की दुल्हन चुनी थी। पीड़ितों से कहा गया था कि देवास में सामूहिक विवाह होगा। उनसे यह भी कहा गया था कि उन्हें दहेज का सामान भी दिया जाएगा। इसके बदले हर दूल्हे से 12 हजार से 20,000 रुपये तक लिए गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।