स्कॉलरशिप निकालने पहुंची छात्रा के अकाउंट में दिखे 759 करोड़ रुपए, फिर...जांच में जुटे अधिकारी

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले में एक सातवीं कक्षा की छात्रा 900 रुपये की सरकारी स्कॉलरशिप निकालने बैंक पहुंची। वहीं अकाउंट में 759 करोड़ रुपये से अधिक का बैलेंस देखकर वह और उसका परिवार हैरान रह गया। इस घटना की पूरे इलाके और सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है

अपडेटेड Jul 13, 2026 पर 4:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
खाते में करीब 759 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई दे रही थी

हम अक्सर बैंक में पैसे निकालने या फिर पैसे डालने जाते हैं। लेकिन अगर अचानक आपके बैंक खाते में करोड़ों रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगे तो आपका कैसा रिएक्शन होगा। पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले में एक सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। अपने बैंक खाते से 900 रुपये की सरकारी स्कॉलरशिप निकालने पहुंची थी, लेकिन खाते में 759 करोड़ रुपए का बैलेंस देख वह और उसका परिवार हैरान रह गया। मामले की जानकारी मिलते ही बैंक और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ये घटना पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के हल्दीबाड़ी क्षेत्र में रहने वाली सातवीं कक्षा की छात्रा सुपर्णा रॉय के साथ हुआ है। वह अपने भाई के साथ स्थानीय ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) में अपनी 900 रुपये की सरकारी स्कॉलरशिप निकालने पहुंची थी। ये मामला सामने आने के बाद गांव के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा होने लगी।

बैंक में अचानक आए 759 करोड़


परिवार के मुताबिक, सुपर्णा के खाते में सरकारी छात्रवृत्ति के 900 रुपये आने थे। लेकिन जब ग्राहक सेवा केंद्र पर उसके बैंक खाते का बैलेंस देखा गया, तो सभी लोग चौंक गए। खाते में 759,69,51,951 रुपए दिखे, करीब 759 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई दे रही थी। इतना बड़ा बैलेंस देखकर परिवार और केंद्र के कर्मचारी भी हैरान रह गए। पहले तो लोगों को लगा कि बैंक सिस्टम में कोई तकनीकी गड़बड़ी हुई है। लेकिन कई बार बैलेंस जांचने के बाद भी खाते में वही बड़ी रकम दिखाई देती रही। इससे छात्रा, उसका परिवार और ग्राहक सेवा केंद्र के कर्मचारी सभी हैरान रह गए।

बैलेंस देख हो गए हैरान

सुपर्णा के परिवार के मुताबिक, उन्हें खाते में दिखाई दे रही इस बड़ी रकम के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि ये पैसा उनका नहीं है। परिवार के मुताबिक, वे तो सिर्फ 900 रुपये की छात्रवृत्ति निकालने ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन खाते में करोड़ों रुपये का बैलेंस देखकर सभी हैरान रह गए। इस अनोखी घटना की खबर पूरे हल्दीबाड़ी गांव में तेजी से फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग जानकारी लेने के लिए ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचने लगे।

जूते खरीदने के लिए निकालने थे पैसे

सुपर्णा का परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। उसके पिता केरल में मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते हैं, जबकि घर की आमदनी बेहद सीमित है। परिवार ने बताया कि सुपर्णा के स्कूल के जूते पूरी तरह खराब हो चुके थे, इसलिए 900 रुपये की स्कॉलरशिप से उसके लिए नए जूते खरीदने की योजना बनाई गई थी। लेकिन जब वे ये राशि निकालने के लिए बैंक खाते की जांच कराने पहुंचे, तो खाते में दिखाई दे रहे करोड़ों रुपये के बैलेंस ने सभी को हैरान कर दिया।

बैंक अधिकारियों ने शुरू की जांच

इस मामले की जानकारी मिलने के बाद बैंक अधिकारियों और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा कि खाते में करोड़ों रुपये का बैलेंस दिखाई देना किसी तकनीकी खराबी, सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी या बैंकिंग सिस्टम में हुई त्रुटि का नतीजा हो सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी जांच के बाद ही इस मामले की असली वजह सामने आएगी।

ये मामला सामने आने के बाद लोग हैरानी जता रहे कि एक आर्थिक रूप से कमजोर छात्रा के बैंक खाते में करोड़ों रुपये का बैलेंस कैसे दिखाई दे सकता है। वहीं, जांच जारी रहने के बीच परिवार ने दोहराया कि इस रकम से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उनका कहना है कि वे तो सिर्फ सरकारी छात्रवृत्ति के 900 रुपये मिलने की उम्मीद में बैंक पहुंचे थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।