Twisha Sharma Case: कौन थीं ट्विशा शर्मा? पूर्व जज के खिलाफ दहेज हत्या का केस, नोएडा से भोपाल तक रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे

Twisha Sharma Case: भोपाल में नोएडा की रहने वाली 34 वर्षीय महिला ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के कुछ दिनों बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने उसके पति और सास के खिलाफ दहेज एवं अन्य संबंधित आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। मामला दहेज हत्या और दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। यह मामला नोएडा से लेकर भोपाल तक चर्चा का विषय बना हुआ है

अपडेटेड May 18, 2026 पर 12:46 PM
Story continues below Advertisement
Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा के मामले में नोएडा से लेकर मध्य प्रदेश तक हंगामा मचा हुआ है

Twisha Sharma Case: राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा की रहने वाली 33 साल की पूर्व 'मिस पुणे' और कंटेंट क्रिएटर ट्विशा शर्मा की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। उनके परिवार ने ट्विशा के वकील पति समर्थ सिंह और उनकी सास (रिटायर्ड जिला जज) गिरिबाला सिंह पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक क्रूरता और शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं। मध्य प्रदेश में पुलिस ने पूर्व जज और पेशे से वकील उनके बेटे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।

हालांकि, अब तक हुई जांच से असंतुष्ट और दिल्ली में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में दोबारा पोस्टमार्टम करवाए जाने की मांग को लेकर मृतक के परिजन ने भोपाल में मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह पर बहू ट्विशा शर्मा की हत्या का आरोप है।

दिसंबर 2025 में हुई थी शादी और मई में मौत


पुलिस के अनुसार, 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए ट्विशा शर्मा की मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। इसके बाद दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी कर लिया था। एक अधिकारी ने बताया कि 12 मई को 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा का शव कटारा हिल्स इलाके स्थित पति के घर में फंदे से लटका मिला। उन्होंने बताया कि पति समर्थ सिंह और उनकी मां रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह, ट्विशा को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। लेकिन डॉक्टरों ने ट्विशा को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल ने रात करीब 11 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। SIT के प्रमुख बनाए गए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) रजनीश कश्यप ने पीटीआई को बताया कि दहेज हत्या और उत्पीड़न से संबंधित भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत समर्थ सिंह, उसके पिता और मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि समर्थ सिंह का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

कटारा हिल्स पुलिस थाने के वरिष्ठ अधिकारी सुनील कुमार दुबे ने कहा कि नोएडा की निवासी ट्विशा के परिवार ने उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। रिश्तेदारों ने दावा किया कि वह मंगलवार रात करीब 10 बजे तक फोन पर उनके संपर्क में थी। ट्विशा के रिश्तेदारों के अनुसार, वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी। अधिकारियों ने बताया कि एसआईटी दहेज उत्पीड़न, शारीरिक प्रताड़ना और शर्मा की मौत के बाद सबूतों को नष्ट करने के कथित प्रयासों समेत विभिन्न पहलुओं से जांच करेगी।

भोपाल की एक अदालत ने शुक्रवार को रिटायर्ड जज को अग्रिम जमानत दे दी। जबकि पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई आज यानी 18 मई को होगी। पिछले पांच दिन से ट्विशा का शव भोपाल एम्स के शवगृह में रखा हुआ है। अब वह अब गलने लगा है।

दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग

न्याय की मांग को लेकर रविवार 17 मई की दोपहर को ट्विशा के परिजन ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। दोबारा पोस्टमार्टम करवाए जाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री आवास में अधिकारियों से बात की। मृतक के पिता और भाई ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन मिला है।

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने बेटी के शव का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली में स्थित एम्स में कराने और मामले की सुनवाई राज्य की किसी अन्य अदालत में ट्रांसफर किए जाने की मांग की। ट्विशा के परिवार और रिश्तेदार पिछले दो दिनों से कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दे रहे हैं। पीड़ित परिवार गिरिबाला सिंह और उनके बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कौन थीं ट्विशा शर्मा?

ट्विशा शर्मा 33 साल की कंटेंट क्रिएटर और पूर्व ब्यूटी पेजेंट विनर थीं। उन्हें 'मिस पुणे' का खिताब जीतने के बाद पहचान मिली थी। उनके दोस्तों और फॉलोअर्स ने उन्हें आत्मविश्वासी, महत्वाकांक्षी और सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव बताया। पिछले साल दिसंबर में वकील समर्थ सिंह से शादी करने के बाद वह भोपाल चली गईं। उनके परिवार के मुताबिक, शुरुआत में ट्विशा खुश नजर आती थीं। लेकिन जल्द ही उन्हें अपने ससुराल में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

उनके परिवार का आरोप है कि शादी के बाद वह अक्सर मानसिक दबाव, अपमान और उत्पीड़न के बारे में बात करती थीं। ट्विशा शर्मा के परिवार ने उनकी मौत से पहले उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

ट्विशा के पिता नव निधि शर्मा के मुताबिक, घटना वाली रात उन्होंने अपनी बेटी से करीब 30 मिनट तक बात की थी। उस बातचीत के दौरान, त्विशा ने कथित तौर पर अपने साथ हो रहे उत्पीड़न के बारे में विस्तार से बताया था।

उनके भाई मेजर हर्षित शर्मा ने भी बताया कि ट्विशा ने रात करीब 10:05 बजे अपनी मां को फोन किया था और उन्हें घर के हालात के बारे में बताया था। उनके मुताबिक, जैसे ही उनके पति कमरे में आए, फोन अचानक कट गया। परिवार का आरोप है कि ट्विशा, उनके पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह को बार-बार फोन करने के बावजूद कई मिनटों तक किसी ने भी फोन नहीं उठाया।

ये भी पढ़ें- VIDEO: राहुल गांधी ने वीडी सतीशन के कान में क्या कहा कि स्टेज पर वो तुरंत हो गए हाइपर एक्टिव और किया ये काम

रात करीब 10:15 बजे परिवार ने गिरिबाला सिंह से संपर्क किया और उनसे ट्विशा को जाकर देखने के लिए कहा। कुछ ही देर बाद, उन्हें बताया गया कि ट्विशा सांस नहीं ले रही हैं। भोपाल AIIMS में किए गए पोस्टमार्टम में बताया गया है कि ट्विशा की मौत 'किसी चीज से गला घोंटने (ligature) के कारण' हुई है। डॉक्टरों ने उनके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई चोटों के निशान पाए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।