Rajasthan news: हॉलीवुड और बॉलीवुड ने हाथ की सफाई यानी चोरी पर ढेरों कहानियों पर काम किया है। कई फिल्में जबरदस्त हिट भी रही हैं। लेकिन राजस्थान के छोटे से जिले नागौर के कारोबारियों ने जो चोरी अपनी आंखों से देखी है, उसे वो तो क्या, उनकी पीढ़ियां भी नहीं भुला पाएंगी। यहां एक चोर ने दुकानदार की आंखों के सामने इस सफाई से चोरी की कि देखने वालों ने दांतों तले उंगलियां दबा लीं। यह चोर दो पैर और दो हाथों वाला कोई इंसान नहीं, पंखों वाला परिंदा था। जनाब ने इस अदा के साथ चेन अपनी चोंच में दबाई और ले उड़े, जैसे किसी ने इन्हें इसी काम के लिए ट्रेन किया हो। ये चोर कोई और नहीं, हमारे घरों के आसपास पूरा दिन मंडराने वाला कबूतर था।
नागौर में जब से ये हैरतअंगेज चोरी की वारदात हुई है, तब से लोगों के बीच इसकी चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही है। खास बात ये रही कि कबूतर चेन लेकर बहुत दूर नहीं जा सका कुछ देर की मशक्कत के बाद कबूतर ने चेन को छत पर छोड़ दिया और वहां से उड़ गया। व्यापारी ने तुरंत छत पर जाकर सोने की चेन को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया और राहत की सांस ली। इस चेन की कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है।
अचानक आया कबूतर और चेन लेकर उड़ गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के अंदर अचानक एक कबूतर उड़ता हुआ आया और काउंटर के पास तैयार रखी सोने की चेन को अपनी चोंच में दबाकर बाहर की ओर उड़ गया। यह नजारा वहां मौजूद हर किसी के लिए असामान्य था। इसे देखते ही व्यापारी और कारीगर कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए। किसी को समझ नहीं आया कि आखिर क्या हुआ, लेकिन जैसे ही कबूतर दुकान से बाहर निकला, बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
एक इमारत की छत पर बैठ गया कबूतर
सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘परिंदे की पसंद’
सोने के भावों बढ़ते के बीच नागौर में हुई चोरी की ये अनोखी घटना सोशल मीडिया पर भी छायी हुई है। इसके फोटो और वीडियो अब पूरे नागौर जिले में चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोग मजाक में कह रहे हैं कि अब तिजोरियों के साथ-साथ खिड़कियों पर जाली लगाना भी जरूरी हो गया है। सर्राफा बाजार के व्यापारियों के लिए यह घटना एक सबक और ताउम्र याद रहने वाला किस्सा बन गई है।