11 लाख सैलरी वाली लड़की को चाहिए 1 करोड़ वाला दूल्हा! मैचमेकर ने सुनाई ऐसी डिमांड कि माथा पकड़ लेंगे आप
Matchmaker Viral Video: मैचमेकर ने बताया कि उनकी टीम ने लड़की की पसंद वाले हाई-प्रोफाइल पुरुषों से संपर्क भी किया, लेकिन किसी भी एक लड़के ने इस लड़की से बात करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके बाद फर्म ने इस क्लाइंट को ड्रॉप करने का फैसला लिया
11 लाख रुपये सालाना कमाने वाली एक लड़की ने मैचमेकिंग फर्म से सीधे 1 करोड़ रुपये सालाना पैकेज वाले दूल्हे की डिमांड कर दी
Viral Matchmaking Story: आज के दौर में अरेंज्ड मैरिज का बाजार किसी बिजनेस डील से कम नहीं रह गया है, जहां लड़के-लड़की की खूबियों से ज्यादा उनके बैंक बैलेंस और सैलरी पैकेज को तौला जाता है। लेकिन क्या हो जब उम्मीदें और डिमांड्स असलियत से कोसों दूर निकल जाएं? सोशल मीडिया पर इस समय एक ऐसा ही हैरान करने वाली स्टोरी तेजी से वायरल हो रही है।
11 लाख रुपये सालाना कमाने वाली एक लड़की ने मैचमेकिंग फर्म से सीधे 1 करोड़ रुपये सालाना पैकेज वाले दूल्हे की डिमांड कर दी। नतीजा यह हुआ कि बार-बार समझाने के बाद भी जब लड़की और उसका परिवार नहीं माना, तो मैचमेकिंग कंपनी ने खुद ही इस क्लाइंट का साथ छोड़ दिया और उनका रजिस्ट्रेशन कैंसल कर दिया।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब प्रसिद्ध मैचमेकिंग फर्म 'द डेट क्रू' (The Date Crew) की फाउंडर ओन्द्रिला कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने अनुभव को साझा किया। जानिए आखिर क्या है यह पूरी कहानी जो खूब हो रही वायरल।
शुरुआत में कहा 'सिंपल लड़का चाहिए', फिर खुली डिमांड्स की लिस्ट
ओन्द्रिला कपूर के मुताबिक, उनके पास एक 28 साल की लड़की का प्रोफाइल आया था, जो सालाना करीब 11 लाख रुपये कमाती है। रजिस्ट्रेशन के समय लड़की के परिवार वालों ने बहुत ही नॉर्मल इच्छाएं जताई थीं। उनका कहना था कि लड़का पढ़ा-लिखा होना चाहिए, अच्छे परिवार से हो और उसका करियर स्टेबल हो।
इस शुरुआती इनपुट के आधार पर मैचमेकिंग टीम ने लड़की की उम्र और सैलरी ब्रैकेट से मैच खाते हुए कई वेल-एजुकेटेड प्रोफेशनल्स के प्रोफाइल उनके साथ शेयर किए। लेकिन हैरानी की बात यह थी कि परिवार ने एक के बाद एक, सारे प्रोफाइल बिना कोई ठोस वजह बताए रिजेक्ट कर दिए।
जब सामने आया 1 करोड़ की सैलरी और कास्ट वाला मैटर
लगातार मिल रहे रिजेक्शन्स से परेशान होकर जब मैचमेकिंग फर्म ने परिवार से खुद उनकी पसंद के कुछ प्रोफाइल्स शॉर्टलिस्ट करने को कहा, तो जो सच सामने आया उसने पूरी टीम को चौंका दिया।
लड़की और उसके परिवार ने जिन भी लड़कों के प्रोफाइल पर टिक किया था, उन सभी की सालाना कमाई 1 करोड़ रुपये से ज्यादा थी। शॉर्टलिस्ट किए गए सभी लड़के एक खास कम्युनिटी (बंगाली ब्राह्मण) से ताल्लुक रखते थे।
जब टीम ने सीधे तौर पर पूछा कि क्या 1 करोड़ रुपये की सैलरी उनकी छिपी हुई शर्त है, तो लड़की ने चालाकी से जवाब दिया कि ऐसा नहीं है, वो बस इन प्रोफाइल्स की तरफ 'ज्यादा आकर्षित' महसूस कर रही है। वहीं लड़की की मां ने दखल देते हुए साफ किया कि लड़की के पिता जाति को लेकर काफी पक्के हैं और उन्हें सिर्फ 'बंगाली ब्राह्मण' दामाद ही चाहिए।
'सक्सेसफुल मेन अंधे नहीं होते...', मैचमेकर ने क्यों छोड़ा साथ?
ओन्द्रिला कपूर ने बताया कि उनकी टीम ने लड़की की पसंद वाले हाई-प्रोफाइल पुरुषों से संपर्क भी किया, लेकिन किसी भी एक लड़के ने इस लड़की से बात करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके बाद फर्म ने इस क्लाइंट को ड्रॉप करने का फैसला लिया।
मैचमेकर ओन्द्रिला कपूर ने कहा, 'पसंद या प्राथमिकताएं होना कोई गलत बात नहीं है, दिक्कत तब होती है जब आपकी उम्मीदें पूरी तरह से अवास्तविक हो जाएं। जो पुरुष सालाना 1 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा रहे हैं, वे अंधे नहीं हैं। मैचमेकिंग प्रोसेस के दौरान वे तुरंत समझ जाते हैं कि सामने वाले परिवार में कितना घमंड, जरूरत से ज्यादा पैरेंटल कंट्रोल और अवास्तविक डिमांड्स हैं'।
शादी या कोई बिजनेस डील?
इस वीडियो के वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं। एक बड़े वर्ग का मानना है कि आज की शादियों में लोग अपनी योग्यता देखे बिना पार्टनर से चांद-तारे तोड़ने की उम्मीद रखते हैं, जो कि पूरी तरह गलत है। वहीं कुछ यूजर्स का तर्क है कि अरेंज्ड मैरिज असल में दो परिवारों के बीच एक नेगोशिएशन की तरह ही काम करती है। अगर करोड़पति लड़के अमीर लड़की, सोशल स्टेटस और दहेज जैसी उम्मीदें रख सकते हैं, तो लड़कियों को भी अपनी पसंद का अमीर दूल्हा चुनने का पूरा हक है।