केरल की रहने वाली स्नेहा जॉय की किस्मत एक लॉटरी ने बदल दी। कनाडा में रहने वाली स्नेहा ने 5 मिलियन कनाडाई डॉलर यानी करीब 32 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीता है। इस बड़ी जीत के बाद उन्होंने बताया कि वह इन पैसों को कहां खर्च करेंगी।
केरल की रहने वाली स्नेहा जॉय की किस्मत एक लॉटरी ने बदल दी। कनाडा में रहने वाली स्नेहा ने 5 मिलियन कनाडाई डॉलर यानी करीब 32 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीता है। इस बड़ी जीत के बाद उन्होंने बताया कि वह इन पैसों को कहां खर्च करेंगी।
स्नेहा ने 21 अक्टूबर को हुए 'लॉटो 6/49 क्लासिक' ड्रॉ में सभी छह सही नंबर चुने थे। जांच पूरी होने के बाद शुक्रवार को उन्हें इनाम की रकम सौंप दी गई। इतनी बड़ी रकम जीतने की खबर सुनकर स्नेहा को यकीन नहीं हुआ। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह हैरान होने के साथ-साथ बहुत खुश और राहत महसूस कर रही हैं।
कौन है स्नेहा जॉय जो राजनीति से भी जुड़ी है?
मातृभूमि की रिपोर्ट के मुताबिक, स्नेहा केरल के एर्नाकुलम जिले के वेंगुअर की रहने वाली हैं। उनके पिता पीपी जॉय स्थानीय कांग्रेस नेता हैं और मां का नाम जॉली जॉय है। स्नेहा अपने माता-पिता की इकलौती बेटी हैं।
करीब पांच साल पहले वह अपने पति विजिल वर्गीज के साथ कनाडा के एडमोंटन चली गई थीं। उनके पति मलप्पुरम जिले के नीलांबुर के रहने वाले हैं।
चुनाव भी लड़ चुकी हैं स्नेहा
कनाडा जाने से पहले स्नेहा केरल में स्थानीय सामाजिक कामों से जुड़ी हुई थीं। साल 2020 में उन्होंने वेंगुअर ग्राम पंचायत से स्थानीय निकाय चुनाव भी लड़ा था। वह यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की उम्मीदवार थीं।
स्नेहा की इस जीत से उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है। उनके पिता ने कहा कि परिवार इस जीत के लिए बहुत आभारी है। उन्होंने इस जैकपॉट को अपनी प्रार्थनाओं का फल बताया।
स्नेहा जॉय ने जीतने के बाद किया ये काम
स्नेहा ने बताया कि वह इन पैसों से सबसे पहले अपना होम लोन चुकाना चाहती हैं। इसके बाद वह दुनिया घूमने निकलेंगी। उनकी योजनाओं में परिवार के साथ पैसे बांटना भी शामिल है।
उन्होंने कहा, "मैं अपना होम लोन चुकाने जा रही हूं। इसके बाद, मैं दुनिया घूमने के लिए निकल पड़ूंगी। मैं अपने परिवार के साथ भी ये पैसे बांटूंगी।"
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।