कोलकाता की गणितज्ञ नीना गुप्ता ने अपनी मेहनत और खोज से दुनिया भर में पहचान बनाई है। उन्होंने गणित की करीब 70 साल पुरानी एक मुश्किल समस्या का हल खोजने में अहम काम किया। अब उनके इसी योगदान के लिए उन्हें 'टाइम' (TIME) पत्रिका की पहली 'TIME100 Next India 2026' सूची में शामिल किया गया है।
कोलकाता के इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट (ISI) में प्रोफेसर नीना गुप्ता को गणित और बीजगणितीय ज्यामिति (algebraic geometry) में उनके काम के लिए 'हेल्थ एंड साइंस इनोवेटर्स' (स्वास्थ्य और विज्ञान नवप्रवर्तक) श्रेणी में जगह मिली है।
गणित से ऐसे जुड़ा नीना का नाता
नीना गुप्ता का जन्म 1984 में कोलकाता में हुआ था। बचपन से ही उन्हें गणित के सवाल हल करना पसंद था, लेकिन शुरुआत में उन्होंने इसे अपना करियर बनाने के बारे में नहीं सोचा था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि बेथ्यून कॉलेज के एक सीनियर ने उन्हें गणित में ऑनर्स करने की सलाह दी थी। इसके बाद उनकी इस विषय में दिलचस्पी और बढ़ गई।
उनकी मां ज्ञानलता गुप्ता ने भी उनकी इस रुचि को बढ़ाने में मदद की। वह नीना और उनके भाई को गणित के नए-नए सवाल हल करने के लिए कहती थीं। कई बार दोनों के बीच सवाल हल करने का दोस्ताना मुकाबला भी होता था। नीना गुप्ता ने कोलकाता में रहकर ही अपनी पढ़ाई पूरी की।
गणित की क्लास में अकेली महिला थीं
नीना गुप्ता ने गणित के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को लेकर भी अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि जब वह ISI में पोस्टग्रेजुएशन कर रही थीं, तब उनकी गणित की क्लास में वह अकेली महिला थीं। उनका मानना है कि गणित और विज्ञान जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ना जरूरी है।
क्या थी 70 साल पुरानी गणित की समस्या?
नीना गुप्ता को पहली बार अंतरराष्ट्रीय पहचान 2014 में मिली। उस समय उन्होंने ज़ारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम (Zariski Cancellation Problem) के एक रूप पर काम करते हुए ऐसा उदाहरण दिया, जिससे गणित की दुनिया में नई चर्चा शुरू हुई। इस समस्या को गणितज्ञ ऑस्कर ज़ारिस्की ने 1949 में सामने रखा था। इसमें सवाल था कि अगर दो गणितीय संरचनाएं एक अतिरिक्त आयाम (dimension) जोड़ने के बाद एक जैसी हो जाती हैं, तो क्या वे शुरुआत से भी एक जैसी थीं?
नीना गुप्ता ने अपने शोध से दिखाया कि कुछ मामलों में ऐसा जरूरी नहीं है। इसके लिए उन्होंने जापानी गणितज्ञ ताकानोरी असानुमा के काम से जुड़ी एक तीन-आयामी (affine variety) गणितीय संरचना का इस्तेमाल किया। उनकी इस खोज को गणित के क्षेत्र में अहम योगदान माना गया।