लाखों युवाओं का सपना सरकारी नौकरी, फिर महिला ने क्यों दिया इस्तीफा? अब हो रहा पछतावा!

सरकारी नौकरी को लाखों युवा सुरक्षित भविष्य का रास्ता मानते हैं, लेकिन क्या हर किसी के लिए यह सपना खुशियां भी लाता है? केंद्रीय सरकारी नौकरी छोड़ने वाली प्रिया की कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस्तीफा देने के बाद अब उन्हें डर सता रहा है कि कहीं उन्होंने जिंदगी का सबसे बड़ा गलत फैसला तो नहीं लिया

अपडेटेड Oct 19, 2026 पर 11:09 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्रिया ने माना कि सरकारी नौकरी ने उन्हें नियमित आय और स्थिरता दी

भारत में सरकारी नौकरी को सुरक्षित भविष्य और अच्छी जिंदगी की निशानी माना जाता है। लेकिन क्या हो, जब यही नौकरी किसी के लिए बोझ बन जाए? सोशल मीडिया पर प्रिया नाम की एक महिला की कहानी चर्चा में है, जिन्होंने केंद्रीय सरकारी नौकरी छोड़ने का फैसला किया है। हालांकि, इस्तीफा देने के बाद भी वह असमंजस में हैं कि उनका कदम सही था या नहीं।

जिस नौकरी के लिए युवा करते हैं मेहनत, उसे छोड़ने का फैसला क्यों?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रिया ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने केंद्रीय सरकारी नौकरी से इस्तीफे के कागजात जमा कर दिए हैं। इसके बावजूद उनके मन में यह डर बना हुआ है कि कहीं उन्होंने अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती तो नहीं कर दी।


प्रिया ने लिखा कि जिंदगी का सबसे कठिन फैसला कभी-कभी उस चीज को छोड़ना होता है, जिसे बाकी लोग आपकी खुशकिस्मती मानते हैं। उनकी कहानी उन लोगों की दुविधा दिखाती है, जो सुरक्षित भविष्य और अपनी संतुष्टि के बीच फंसे रहते हैं।

गलत दिशा में जाती बस से की अपनी जिंदगी की तुलना

प्रिया ने अपनी स्थिति समझाने के लिए बस का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अगर आप ऐसी बस में बैठ जाएं, जो गलत दिशा में जा रही हो, तो बीच रास्ते में उतरने का मन कर सकता है। लेकिन टिकट के पैसे खर्च हो चुके हैं, बाकी यात्री सफर जारी रखे हुए हैं और उन्हें लगता है कि आपका उतरना गलत फैसला है।

प्रिया के मुताबिक, वह भी कुछ ऐसी ही स्थिति में हैं। उन्हें आगे का रास्ता साफ नजर नहीं आ रहा, लेकिन पुरानी राह पर चलते रहना भी मुश्किल लग रहा है।

माता-पिता को बताने से भी लग रहा डर

प्रिया ने माना कि सरकारी नौकरी ने उन्हें नियमित आय और स्थिरता दी, लेकिन वह खुद को अगले पांच से दस साल तक इसी काम में नहीं देख पा रही थीं। नौकरी छोड़ने के बाद भविष्य कैसा होगा, इसे लेकर वह चिंतित हैं।

उन्होंने बताया कि अभी तक अपने 60 वर्ष से अधिक उम्र के माता-पिता को भी इस फैसले के बारे में नहीं बताया है। उन्हें डर है कि उनकी बात सुनकर माता-पिता परेशान हो सकते हैं। प्रिया ने स्पष्ट किया कि चिंता आर्थिक निर्भरता की नहीं, बल्कि उन्हें दुख पहुंचाने की है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने दी हिम्मत

प्रिया की पोस्ट पर कई यूजर्स ने उनका हौसला बढ़ाया। एक यूजर ने उम्मीद जताई कि कुछ साल बाद वह इस दिन को याद करके मुस्कुराएंगी। वहीं, दूसरे यूजर ने उन्हें अतीत की चिंता छोड़कर अपने लक्ष्य पर ध्यान देने की सलाह दी।

Video: भारत के देसी अंदाज पर फिदा हुई अमेरिकी महिला? किराना स्टोर के वीडियो पर आए मजेदार सुझाव

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।