शादी के बाद सास के साथ रहने की वजह से महिला ने तोड़ी शादी, सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल

एक महिला ने शादी से पहले रिश्ता इसलिए खत्म कर दिया क्योंकि उसके होने वाले पति ने कहा था कि शादी के बाद उसकी मां भी उनके साथ रहेंगी। महिला ने इस फैसले को अपनी निजी सीमाओं और सहमति से जुड़ा बताया। उसके पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर शादी और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर बहस छिड़ गई

अपडेटेड Aug 22, 2026 पर 4:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
महिला ने बताया कि, उसकी बात सुनने के बाद उस व्यक्ति ने उसे स्वार्थी कह दिया (Photo: Canva)

शादी से पहले होने वाले पति की एक बात सुनकर महिला ने रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया। सोशल मीडिया पर ये मामला तेजी से वायरल हो रहा है। महिला ने X पर बताया कि उसने शादी से इनकार इसलिए किया क्योंकि होने वाले पति ने कहा था कि शादी के बाद उसकी मां भी उनके साथ रहेगी। महिला को ये बात पसंद नहीं आया और उसने आगे बढ़ने के बजाय रिश्ता खत्म करना बेहतर समझा। इस पोस्ट के बाद शादी से पहले सीमाओं और जिम्मेदारियों पर साफ बातचीत को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

अपनी बातचीत को याद करते हुए महिला ने एक्स पर पोस्ट में बताया कि, "मैंने एक आदमी को इसलिए रिजेक्ट कर दिया क्योंकि उसने मुझसे कहा था कि शादी के बाद उसकी मां हमारे साथ रहेगी।" उस व्यक्ति ने कहा, “वह बूढ़ी हो चुकी हैं, मैं और क्या कर सकता हूं?” महिला ने साफ किया कि उसे इस बात से कोई परेशानी नहीं है कि वह अपनी मां की देखभाल करे, लेकिन उसे इस बात पर आपत्ति है कि बिना उसकी सहमति के उससे भी इस जिम्मेदारी की उम्मीद की जाए। उसने कहा, “तुम उनका ख्याल रखो, लेकिन जिस फैसले में मेरी सहमति नहीं है, उसकी जिम्मेदारी मुझ पर मत डालो।”


जिम्मेदारी साफ होनी चाहिए

महिला ने बताया कि, उसकी बात सुनने के बाद उस व्यक्ति ने उसे स्वार्थी कह दिया। महिला ने कहा कि, शादी करने का फैसला लेने का यह मतलब नहीं है कि कोई व्यक्ति बिना चर्चा के हर तरह की नई जिम्मेदारी स्वीकार कर ले। उसके मुताबिक, शादी से पहले दोनों लोगों के बीच यह साफ होना जरूरी है कि आगे चलकर कौन-सी जिम्मेदारियां किसकी होंगी और किन बातों पर दोनों की सहमति है। महिला ने कहा कि बिना बातचीत और सहमति के किसी पर जिम्मेदारी डालना सही नहीं है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने किया रिएक्ट

महिला की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग तरह की राय दी। कुछ यूजर्स इस फैसले को लेकर बंटे रहे। कुछ ने इसे सही बताया, तो कुछ ने शादी की जिम्मेदारियों से बचना कहा। इस मुद्दे पर यूजर्स दो अलग-अलग राय में बंटे नजर आए। एक यूजर ने महिला के फैसले पर सवाल उठाते हुए लिखा, “आपने किसी खराब पति को मना नहीं किया। आपने उस आदमी को इसलिए ठुकराया क्योंकि वह शादी से पहले से चली आ रही अपनी एक जिम्मेदारी को छोड़ना नहीं चाहता था।”

 

दूसरे यूजर ने कहा, “अगर आप शादी में किसी तरह की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते हैं, तो महिलाओं को भी शादी से पहले प्री-नप एग्रीमेंट करना चाहिए। आप अपनी जिंदगी में जैसा चाहें वैसा रह सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह भी है कि शायद आप शादी की असली जिम्मेदारियों को नहीं समझते।”

लोगों ने उठाए सवाल

इस चर्चा के बीच कुछ यूजर्स ने महिला के फैसले पर काफी तीखी प्रतिक्रिया भी दी। एक यूजर ने लिखा, “वह आदमी बहुत खुशकिस्मत है कि वह इस रिश्ते से बच गया। उसने एक बड़ी मुसीबत को आने से पहले ही टाल दिया।” वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा, किसी बुजुर्ग मां की देखभाल को ऐसी जिम्मेदारी बताना, जिसे वह शादी के साथ “विरासत में लेने” के लिए तैयार नहीं थी, उसके सोचने के तरीके को काफी हद तक सामने लाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।