फ्रांस की राजधानी पेरिस अपनी खूबसूरती, ऐतिहासिक इमारतों और मशहूर पर्यटन स्थलों के लिए पूरी दुनिया में जानी जाती है। यहां हर साल दुनिया भर से लाखों टूरिस्ट घूमने आते हैं। वहीं इस खूबसूरत शहर में जेबकतरी की घटनाएं भी यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन रही हैं। खासकर आइफिल टॉवर, लूव्र म्यूजियम और चैंप्स-एलिसीज जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर चोरी की घटनाएं अधिक देखने को मिलती हैं। इन जगहों पर टूरिस्टों को अपने सामान और कीमती चीजों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जाती हैं। इसी बीच एक महिला ने पेरिस में अपने कीमती सामान को सुरक्षित रखने का अनोखा तरीका अपनाया है। उसके इस अनोखे तरीके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वालयल हो रहा है। वहीं यूजर्स ने भी इस पर कई कमेंट किए हैं।
पेरिस में चोरी से कैसे बचे
विक्टोरिया नाम की एक महिला ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया है। वीडियो में विक्टोरिया पेरिस घूमने के दौरान अपने कीमती सामान को सुरक्षित रखने के लिए खास तरीका अपनाती हैं। वीडियो में वह अपने फोन, गहनों और क्रॉसबॉडी बैग को ब्राउन पैकिंग टेप से अच्छी तरह सेफ करती नजर आती हैं। वीडियो के ऊपर लिखा था, "पेरिस में मैं सबसे पहले यही करती हूं।" इसके बाद विक्टोरिया ने अपनी कलाई और उंगलियों पर मौजूद ब्रेसलेट और अंगूठियों को ब्राउन पैकिंग टेप से सेफ किया। फिर उन्होंने अपने क्रॉसबॉडी बैग को कपड़ों और उसके बकल के साथ टेप से बांधा।
इसके अलावा इयररिंग्स, नेकलेस और सनग्लासेस को भी टेप की मदद से अपने शरीर से सेफ कर लिया। आखिर में लूव्र म्यूजियम और शहर घूमने निकलने से पहले उन्होंने अपना मोबाइल फोन भी हाथ से टेप कर लिया।
वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "ये करना दुख की बात है, लेकिन खूबसूरत पेरिस में जेबकतरों से बचने के लिए ऐसा करना बेहतर है।" महिला के इस अनोखे उपाय को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर ने लिखा, "यह कोई मजाक नहीं है। यह कई विकसित देशों की हकीकत है। लंदन, न्यूयॉर्क और बर्लिन जैसे शहरों में भी ऐसी घटनाएं देखने को मिलती हैं।" वहीं एक यूजर ने लिखा, "काश मैंने यह तरीका पहले देखा होता। शायद तब मेरा वॉलेट और छोटा कैमरा चोरी होने से बच जाता।"
वहीं कुछ लोगों ने इस तरीके को जरूरत से ज्यादा बताया। एक व्यक्ति ने लिखा, "यह थोड़ा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया है। पेरिस एक सुरक्षित शहर है। मैं वहां रह चुका हूं और मुझे कभी जेबकतरों की समस्या नहीं हुई। ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन जितना इस वीडियो में दिखाया गया है, उतनी आम नहीं हैं।"