अमेरिका में एक महिला के लिए लंच ब्रेक के दौरान लिया गया एक फैसला जिंदगी बदलने वाला साबित हुआ। महिला ने लंच के दौरान 20 डॉलर (करीब 1,916 रुपये) का एक लॉटरी का एक टिकट खरीदा। उसे अंदाजा भी नहीं था कि ये छोटा सा फैसला उसकी आर्थिक स्थिति बदल सकता है। इसे स्क्रैच करने के दौरान उसकी किस्मत चमक गई। लॉटरी में महिला ने 20 लाख डॉलर (करीब 19.17 करोड़ रुपये) का टॉप प्राइज जीत लिया। खास बात ये रही कि इतनी बड़ी जीत के बाद भी वह टिकट संभालकर वापस काम पर लौट गई।
महिला ने लॉटरी में जीता 20 लाख डॉलर
PEOPLE के मुताबिक, लंच के दौरान खरीदे गए लॉटरी में महिला ने 20 लाख डॉलर (करीब 19.17 करोड़ रुपये) का टॉप प्राइज जीत लिया। इतनी बड़ी रकम जीतने के बाद भी उसने टिकट सुरक्षित रखा और वापस काम पर चली गई। इसके बाद उसने रोज की तरह अपनी शिफ्ट पूरी की। वर्जीनिया लॉटरी के अधिकारियों को उसने बताया कि टिकट जीतने के बाद भी उसे तुरंत काम पर लौटना पड़ा और ऐसे व्यवहार करना पड़ा, जैसे कुछ हुआ ही नहीं हो।
पोर्ट्समाउथ, वर्जीनिया की महिला लंच ब्रेक में लव फूड मार्ट गई थी, जहां उसने 20 डॉलर (करीब 1,916 रुपये) में ‘प्लेटिनम 7s’ नाम का स्क्रैच-ऑफ लॉटरी टिकट खरीदा। दिनभर के तनाव के बीच उसने वहीं स्टोर में टिकट को स्क्रैच किया। टिकट पर इनाम सामने आते ही वह हैरान रह गई, क्योंकि उसने इस गेम का सबसे बड़ा पुरस्कार जीत लिया था। महिला ने जीत की खबर सुनकर तुरंत किसी को बताने या घर जाने के बजाय अपना लॉटरी टिकट सुरक्षित रख लिया। इसके बाद वह वापस काम पर पहुंची और रोज की तरह अपनी शिफ्ट पूरी करने लगी। उसे पता था कि जीत से उसकी आर्थिक स्थिति बदल जाएगी, लेकिन फिलहाल उसने काम पूरा करना जरूरी समझा।
महिला ने अपनी पहचान पब्लिक नहीं करने का किया फैसला
महिला को 20 लाख डॉलर की पूरी रकम एक साथ नहीं मिलने वाली थी। इनाम लेने के समय उसके सामने दो विकल्प थे—वह 30 साल तक हर साल तय रकम ले सकती थी या फिर एकमुश्त कैश पेमेंट चुन सकती थी। महिला ने दूसरा विकल्प चुना। इस तरह टैक्स कटने से पहले उसे 9.52 लाख डॉलर यानी करीब 9.12 करोड़ रुपये की रकम मिलने वाली है। वहीं महिला ने अपनी पहचान गुप्त रखने का फैसला किया है।
वर्जीनिया लॉटरी के मुताबिक, 'कानून के तहत विजेता बिना अपना नाम सार्वजनिक किए इनाम ले सकता है। इसका मतलब है कि विजेता की पहचान, उसका शहर और जीती गई रकम की जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की जाएगी, जब तक कि विजेता खुद लिखित रूप से इसकी अनुमति न दे।' महिला की बड़ी जीत के बाद अब वह आगे क्या करेगी, इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)