'यू आर द बेस्ट...': G7 समिट में पीएम मोदी से बोलीं जॉर्जिया मेलोनी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

PM Modi And Giorgia Meloni: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध उस समय देखने को मिले जब दोनों नेताओं ने कनाडा में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान एक अनौपचारिक संक्षिप्त बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। दोनों की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है

अपडेटेड Jun 18, 2025 पर 4:49 PM
PM Modi And Giorgia Meloni: जॉर्जिया ने पीएम मोदी से कहा कि आप सबसे अच्छे हैं। मैं आपकी तरह बनने की कोशिश कर रही हूं

PM Modi And Giorgia Meloni News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अपने वैश्विक समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं। इनमें व्यापार, निवेश, आतंकवाद के खिलाफ कदमों और वैश्विक चुनौतियों जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। पीएम मोदी ने इस दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से भी मुलाकात की। मेलोनी ने कहा कि इटली और भारत एक महान मित्रता से जुड़े हुए हैं। पीएम मोदी ने X पर लिखा, "प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं। इटली के साथ भारत की मित्रता और मजबूत होती रहेगी जिससे हमारे लोगों को बहुत लाभ होगा।"

दोनों नेताओं के बीच हुए अनौपचारिक मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल मेलोनी ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा, "आप सबसे अच्छे हैं। मैं आपकी तरह बनने की कोशिश कर रही हूं।" इटली की पीएम के इस बयान पर प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराए और उनसे हाथ मिलाया। सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर किए जा रहे एक वीडियो में दोनों नेताओं को मिलते और हाथ मिलाते हुए दिखाया गया है। साथ ही वे एक-दूसरे का हालचाल भी पूछते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी कनाडा की अपनी सार्थक यात्रा के बाद क्रोएशिया रवाना हो गए हैं, जो तीन देशों की उनकी यात्रा का तीसरा और अंतिम पड़ाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। PM मोदी ने मंगलवार को X पर लिखा, "कनाडा की सार्थक यात्रा समाप्त हुई। सफल जी7 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए कनाडा के लोगों और सरकार को धन्यवाद। इस सम्मेलन के दौरान विविध वैश्विक मुद्दों पर उपयोगी चर्चा हुई। हम वैश्विक शांति, समृद्धि और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"


प्रधानमंत्री ने कनैनिस्किस में सात देशों के समूह जी7 के नेताओं के साथ प्रमुख वैश्विक चुनौतियों पर सार्थक विचार-विमर्श किया तथा ग्रह को बेहतर बनाने की अपनी आकांक्षाएं साझा कीं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर लिखाM "प्रधानमंत्री मोदी ने कनाडा की अपनी बहुत ही सफल यात्रा पूरी की। वैश्विक संदर्भ में ऊर्जा सुरक्षा, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान सार्थक बातचीत की। कई नेताओं से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।"

PM मोदी ने जिन नेताओं से मुलाकात की उनमें उनके कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यांग, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज शामिल हैं। कार्नी के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत एवं कनाडा के बीच संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि भारत एवं कनाडा को विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर काम करना चाहिए जिससे दोनों देशों को लाभ होगा।

ये भी पढे़ं- Raja Murder Case: राजा रघुवंशी हत्याकांड में दूसरा चाकू बरामद, सोनम के मायके पहुंची मेघालय पुलिस

कनाडाई प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, बातचीत के बाद भारत और कनाडा ने दोनों देशों में नागरिकों और व्यवसायों को नियमित सेवाएं फिर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नए उच्चायुक्तों को नामित करने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार शाम साइप्रस से कनाडा के कैलगरी पहुंचे। यह पिछले एक दशक में कनाडा की उनकी पहली यात्रा थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।