Bangladesh Cricket: खिलाड़ियों के विद्रोह के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को गुरुवार (15 जनवरी) को अपने ही फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नजमुल इस्लाम को पद से हटाने के लिए मजबूर होना पड़ा। बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों ने अपमानजनक टिप्पणियां करने के लिए इस्लाफ के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। क्रिकेट बोर्ड के अहम पद से नजमुल को हटाए जाने के बावजूद गुरुवार को होने वाले बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के दो मैच स्थगित कर दिए गए। BPL में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी BCB डायरेक्टर के पद से नजमुल को तुरंत हटाने की अपनी मांग पर एकजुट थे।
खिलाड़ियों और जनता के दबाव में बीसीबी को कार्रवाई करनी पड़ी। मजबूर होकर नजमुल को बोर्ड की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन पद से हटा दिया गया। यह साफ नहीं है कि वह BCB डायरेक्टर बने रहेंगे या नहीं।
BCB ने एक बयान में कहा, "बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यह सूचित करना चाहता है कि हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा के बाद और संगठन के सर्वोत्तम हित में BCB अध्यक्ष ने नज़मुल इस्लाम को तत्काल प्रभाव से फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन की जिम्मेदारियों से मुक्त करने का फैसला किया है।"
इसमें आगे कहा गया, "BCB अध्यक्ष अगले आदेश तक फाइनेंस कमेटी के कार्यवाहक चेयरमैन का पद संभालेंगे। BCB दोहराता है कि क्रिकेटरों के हित उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। बोर्ड अपने अधिकार क्षेत्र के सभी खिलाड़ियों के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"
यह हंगामा तब शुरू हुआ जब नजमुल ने सुरक्षा चिंताओं के कारण अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत जाने से बांग्लादेश सरकार के इनकार करने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने इसे सपोर्ट करते हुए टूर्नामेंट से हटने पर खिलाड़ियों के मेहनताने से जुड़ी चिंताओं को खारिज कर दिया।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मुआवजा नहीं दिया जाएगा। क्योंकि उन्होंने अब तक मिले समर्थन को सही साबित नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि एक भी ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) प्रतियोगिता नहीं जीत पाए हैं। इस बयान से काफी हंगामा हुआ। बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (CWAB) ने उन्हें तुरंत हटाने की मांग की। इसके बाद BCB ने नजमुल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया।
बोर्ड ने खिलाड़ियों का किया समर्थन
BCB ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) बोर्ड के एक सदस्य द्वारा हाल ही में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर अपना खेद फिर दोहराता है। बीसीबी इन टिप्पणियों से हुई चिंता को स्वीकार करता है। क्रिकेटरों के प्रति सम्मान और क्रिकेट के खेल को बढ़ावा देने वाले मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।"
भारत आने से बांग्लादेश का इनकार
बांग्लादेश भारत जाने से इनकार कर रहा है। वह सुरक्षा चिंताओं का हवाला दे रहा है क्योंकि BCCI के निर्देश पर तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया गया था। मुस्ताफिजुर को बाहर करने के लिए 'चारों ओर की घटनाओं' का हवाला दिया गया। बीसीबी अब भी ICC के साथ बातचीत कर रहा है जिससे कि कोई रास्ता निकाला जा सके। ICC ने भारत में बांग्लादेश के चार मैच को श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग को खारिज कर दिया है।
नजमुल ने इससे पहले पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को भारत का एजेंट बताया था। उन्होंने भारत के साथ गतिरोध को संयम से संभालने की बात कही थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि आज लिए गए फैसलों का असर 10 साल तक दिखेगा। बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (CWAB) ने नजमुल के बयान की निंदा की थी। बांग्लादेश के टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने भी व्यावहारिक रवैया अपनाने की अपील की थी।