Epstein Files: अमेरिकी न्याय विभाग ने एक बार फिर से जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी लाखों फाइलों को सार्वजनिक किया है। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स एक नए विवाद में घिर गए हैं। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एपस्टीन द्वारा खुद को लिखे गए कथित ईमेल के अंशों में बिल गेट्स के निजी जीवन और उनके स्वास्थ्य से जुड़े चौंकाने वाले दावे किए गए है। हालांकि, बिल गेट्स के प्रवक्ता ने इन आरोपों को पूरी तरह आधारहीन और काल्पनिक बताया है।
यौन संचारित रोग (STD) और गुप्त दवाएं लेने का हुआ दावा
'द सन' और 'डेली मेल' की रिपोर्ट के मुताबिक, 18 जुलाई 2013 के कुछ ईमेल स्क्रीनशॉट सामने आए है, जिन्हें एपस्टीन ने खुद को भेजा था। इन दस्तावेजों में दावा किया गया है कि रूसी महिलाओं के साथ संबंधों के कारण गेट्स को एक यौन संचारित रोग (STD) रोग हो गया था। एपस्टीन ने लिखा कि गेट्स ने उससे ऐसी एंटीबायोटिक्स मांगी थीं जो वह अपनी पत्नी मेलिंडा को उनकी जानकारी के बिना दे सकें। ईमेल में यह भी आरोप लगाया गया है कि गेट्स ने एपस्टीन से इन बातों से संबंधित पत्राचार को डिलीट करने का अनुरोध किया था।
रिपोर्ट्स में संकेत दिया गया है कि ये दस्तावेज वास्तव में उन पत्रों के ड्राफ्ट थे जिन्हें एपस्टीन लिखने की तैयारी कर रहा था। इसमें एपस्टीन ने गेट्स द्वारा उससे संबंध तोड़ने पर अपनी निराशा व्यक्त की थी। एक अन्य अंश में दावा किया गया है कि गेट्स के पूर्व सलाहकार बोरिस निकोलिक को गेट्स और मेलिंडा के वैवाहिक विवादों में घसीटा गया था और उन पर कथित तौर पर अनैतिक कार्यों, जैसे दवाएं प्राप्त करने और अन्य महिलाओं के साथ मीटिंग करने में मदद करने का दबाव बनाया गया था।
'ये दावे पूरी तरह झूठे हैं': बिल गेट्स
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिल गेट्स के प्रवक्ता ने कहा, 'ये दावे पूरी तरह से बेतुके और झूठे हैं।' प्रवक्ता ने आगे कहा कि ये दस्तावेज केवल एपस्टीन की उस हताशा को दर्शाते हैं जो गेट्स के साथ संबंध न रख पाने के कारण पैदा हुई थी। गेट्स ने पहले भी स्वीकार किया है कि उन्होंने एपस्टीन से मुलाकात की थी, लेकिन उन्होंने हमेशा किसी भी गलत काम में शामिल होने से इनकार किया है और एपस्टीन के साथ जुड़ने पर खेद व्यक्त किया है।
एपस्टीन की फाइलें खुलने से हड़कंप
अमेरिकी न्याय विभाग ने एपस्टीन और दुनिया की प्रभावशाली हस्तियों के बीच संपर्कों से जुड़े 30 लाख से अधिक पन्ने, हजारों वीडियो और तस्वीरें जारी करना शुरू कर दिया है। अब तक लगभग 6 लाख दस्तावेज ऑनलाइन प्रकाशित किए जा चुके है। इस शुरुआती बैच में कई प्रमुख व्यक्तियों के साथ एपस्टीन के कनेक्शन और 2019 में जेल में उसकी मृत्यु के बाद जांचकर्ताओं के बीच हुए आंतरिक पत्राचार का विवरण शामिल है।
वैसे आपको बता दें कि ब्रिटिश मीडिया और टैब्लॉयड्स ने स्पष्ट किया है कि एपस्टीन द्वारा इन ईमेल में किए गए दावों का कोई स्वतंत्र सत्यापन नहीं हुआ है। इन्हें केवल एपस्टीन के निजी विचारों और ड्राफ्ट के रूप में देखा जा रहा है।