दान-पुण्य से नहीं मिटेगी गरीबी! बिल गेट्स ने AI और रोबोट्स से कमाई करने वालों पर भारी टैक्स लगाने की मांग

Bill Gates AI Tax Proposal: दुनियाभर में AI से पैदा हो रही अपार संपत्ति और नौकरियों के खतरे पर माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आर्थिक असमानता को सिर्फ दान-पुण्य से खत्म नहीं किया जा सकता, इसलिए सरकारों को अति-अमीरों और रोबोट्स पर 'AI टैक्स' लगाना चाहिए। वैसे एनवीडिया चीफ जेन्सन हुआंग ने रोबोट टैक्स का कड़ा विरोध किया है। जानिए क्या है बिल गेट्स का टैक्स प्लान और क्यों मचा है टेक दुनिया में घमासान

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 10:12 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
गेट्स ने कहा, 'आर्थिक असमानता से निपटने की प्राथमिक जिम्मेदारी हमेशा सरकारों की ही होगी'

Bill Gates AI Tax Proposal: AI की वजह से आने वाले समय में भले ही टेक कंपनियों और अरबपतियों की संपत्ति में बेतहाशा इजाफा होने की उम्मीद हो, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने इसके सामाजिक और आर्थिक नतीजों को लेकर गंभीर चेतावनी दी है।

गेट्स का मानना है कि AI से मिलने वाले वित्तीय लाभों के असमान वितरण से अमीरी और गरीबी की खाई और ज्यादा चौड़ी होगी। इसे रोकने के लिए सरकारों को अपनी कराधान नीतियों में बड़े बदलाव करने की सख्त जरूरत है।

फाइनेंशियल टाइम्स के 'टेक टॉनिक' पॉडकास्ट में बात करते हुए बिल गेट्स ने स्पष्ट किया कि केवल दान-पुण्य या परोपकार के भरोसे इस बढ़ती असमानता को खत्म नहीं किया जा सकता।


'दान-पुण्य सुरक्षा कवच नहीं बन सकता'

बिल गेट्स की फिलहाल कुल संपत्ति करीब ₹8.3 लाख करोड़ है। उन्होंने वादा किया है कि वह अगले 20 वर्षों में 'गेट्स फाउंडेशन' के माध्यम से अपनी लगभग पूरी संपत्ति दान कर देंगे। इसके बावजूद, उनका मानना है कि चैरिटी कभी भी सरकारी प्राथमिकताओं और सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों का स्थान नहीं ले सकती।

गेट्स ने कहा, 'आर्थिक असमानता से निपटने की प्राथमिक जिम्मेदारी हमेशा सरकारों की ही होगी। हम दान-पुण्य से यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वह समाज के लिए सेफ्टी नेट का काम करेगा, क्योंकि यह स्वभाव से स्वैच्छिक होता है।'

गेट्स का मानना है कि जैसे-जैसे AI-संचालित बिजनेस अधिक मुनाफा कमाएंगे, टैक्स सिस्टम को इस तरह से बदला जाना चाहिए ताकि अरबपति और अति-अमीर लोग समाज में अपना निष्पक्ष योगदान दे सकें।

रोबोट और AI पर क्यों टैक्स लगाना चाहते हैं बिल गेट्स?

बिल गेट्स ने इंसानी नौकरियों को ऑटोमेशन से बचाने के लिए 'रोबोट और AI टूल्स पर टैक्स' लगाने का अनोखा प्रस्ताव रखा है। अपने ब्लॉग 'गेट्स नोट्स' पर प्रकाशित एक निबंध में उन्होंने बताया कि जब कोई कंपनी इंसान को नौकरी देती है, तो उसे पेरोल टैक्स चुकाना पड़ता है। लेकिन जब वही कंपनी किसी रोबोट या AI को खरीदती है, तो उसे बिजनेस खर्च के रूप में दिखाकर टैक्स में छूट मिल जाती है।

यह मौजूदा टैक्स सिस्टम कंपनियों को इंसानी कर्मचारियों की जगह मशीनें लगाने के लिए वित्तीय प्रोत्साहन देता है।

रोबोटिक्स और AI पर टैक्स लगाने से एक तरफ जहां इंसानों की जगह मशीनों को लाने की रफ्तार थोड़ी धीमी होगी, वहीं दूसरी तरफ इस टैक्स से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल प्रभावित कर्मचारियों को री-ट्रेन करने और सामाजिक सुरक्षा नेटवर्क को मजबूत बनाने में किया जा सकेगा।

Nvidia चीफ जेन्सन हुआंग ने जताया ऐतराज

वैसे सभी टेक दिग्गज बिल गेट्स के इस विचार से सहमत नहीं हैं। Nvidia के सीईओ जेन्सन हुआंग ने फॉक्स बिजनेस से बातचीत में रोबोट पर टैक्स लगाने के प्रस्ताव से असहमति जताई।

हुआंग का मानना है कि इंसानों को अपनी कमाई और संपत्ति पर टैक्स देना चाहिए, लेकिन रोबोट और ऑटोमेशन तकनीक पर सीधे टैक्स लगाने से तकनीकी इनोवेशन की रफ्तार धीमी हो सकती है।

इसके उलट बिल गेट्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह सुनिश्चित करना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा पैदा की गई अपार संपत्ति का लाभ केवल उन लोगों तक सीमित न रहे जो इस तकनीक के मालिक हैं, बल्कि इसका फायदा पूरे समाज को मिले।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।