कौन हैं एलिस हुआंग जिसके हनीट्रैप में फंसे Nvidia चीफ जेन्सन हुआंग!
Who is Alice Huang: AI की दुनिया के बादशाह और Nvidia के सीईओ जेन्सन हुआंग पर चीन के लिए जासूसी और हनीट्रैप का साया मंडरा रहा है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि पूर्व मेगास्पीड एग्जीक्यूटिव और चीनी नागरिक एलिस हुआंग ने हुआंग से संबंध बनाकर एनवीडिया की गोपनीय जानकारी जुटाने और बैन चिप्स की तस्करी करने की कोशिश की। जानिए कौन हैं एलिस हुआंग?
Nvidia के सीईओ जेन्सन हुआंग पर चीन के लिए जासूसी और हनीट्रैप का साया मंडरा रहा है
Nvidia Jensen Huang Espionage Controversy: AI और चिप सेक्टर की दुनिया के सबसे दिग्गज उद्योगपति और Nvidia के सह-संस्थापक एवं सीईओ जेन्सन हुआंग एक बड़े अंतरराष्ट्रीय विवाद और जासूसी कांड के केंद्र में आ गए हैं। एनवीडिया के बोर्ड ने इस बात की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है कि क्या जेन्सन हुआंग को चीनी खुफिया एजेंसी द्वारा निशाना बनाया गया था।
इस पूरे जासूसी विवाद और हनीट्रैप के केंद्र में 'एलिस हुआंग' (Alice Huang) नामक महिला का नाम सामने आया है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि वह बीजिंग के लिए जासूसी कर रही थीं और एनवीडिया की गोपनीय जानकारियां जुटाने में शामिल थीं।
जेन्सन हुआंग का कबूलनामा और बोर्ड की जांच
विवाद के बीच रविवार को कर्मचारियों को भेजे एक भावुक मेमो में जेन्सन हुआंग ने अपनी पत्नी के प्रति गैर-वफादार होने की बात स्वीकार की। हुआंगने लिखा, 'मेरे कदमों ने मेरी पत्नी और बच्चों को गहरी ठेस पहुंचाई है। मैंने जो किया उसका कोई बहाना नहीं है। मैं दिल से माफी मांगता हूं।'
एनवीडिया के बोर्ड ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के सीक्रेट्स से कोई समझौता होने का सबूत नहीं मिला है, लेकिन स्वतंत्र निदेशकों की समिति बाहरी वकीलों के साथ इस मामले की पूरी जांच करेगी। हुआंग बिना किसी रुकावट के सीईओ पद पर बने रहेंगे।
कौन हैं एलिस हुआंग?
एलिस हुआंग एक चीनी नागरिक हैं और सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड (Megaspeed) की पूर्व वरिष्ठ कार्यकारी रही हैं। उनका एनवीडिया के जेन्सन हुआंग से कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है।
चीनी प्राइवेट फंड डेटाबेस के मुताबिक, उन्होंने हुनान टीवी और CCTV में रिपोर्टर के रूप में काम किया था। बाद में वह HSBC के प्राइवेट बैंकिंग डिवीजन के प्रेसिडेंट की असिस्टेंट और सीआईटीआईसी सिक्योरिटीज में वाइस प्रेसिडेंट बनीं।
हालांकि, हुनान टीवी के एक कार्यकारी ने 'न्यूयोर्क पोस्ट' को बताया कि उन्होंने कभी उनका नाम नहीं सुना और सीसीटीवी की वेबसाइट पर भी उनका कोई प्रोफाइल नहीं मिला।
चीनी मिलिट्री से भी है कनेक्शन!
'द न्यूयोर्क टाइम्स' के अनुसार, एलिस हुआंग के कनेक्शन शंघाई और झेजियांग की कई कंपनियों से थे, जिनकी हिस्सेदारी चीन इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी ग्रुप कॉरपोरेशन (CETC) की साइबर सुरक्षा यूनिट में थी जो चीन की एक प्रमुख सैन्य प्रौद्योगिकी कंपनी है।
वाशिंगटन को क्यों हुआ जासूसी का शक?
अमेरिका ने चीन को उन्नत एआई चिप्स के निर्यात पर कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं।मेगास्पीड एनवीडिया चिप्स से चलने वाले उपकरण खरीदती है और अलीबाबा जैसी चीनी टेक कंपनियों को कंप्यूटिंग क्षमता किराए पर देती है। अमेरिकी अधिकारियों को शक था कि मेगास्पीड के जरिए एनवीडिया की प्रीमियम एआई चिप्स की गैर-कानूनी तस्करी चीन में की जा रही थी।
व्यापार रिकॉर्ड्स के अनुसार, जून 2024 से फरवरी 2026 के बीच मेगास्पीड की मलेशियाई सिस्टर कंपनी ने एनवीडिया चिप्स वाले कम से कम 4.8 अरब डॉलर के एआई उपकरण खरीदे।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने जब एलिस हुआंग की गतिविधियों और संचार पर नजर रखी, तो उन्हें एक अमेरिकी नागरिक के साथ उनके संपर्क का पता चला, जिसे 'अनमास्किंग' प्रक्रिया के जरिए जेन्सन हुआंग के रूप में पहचाना गया। दोनों को जून 2024 और मई 2025 में ताइपे (ताइवान) के बार में एक साथ देखा गया था।
एक क्लासीफाइड मेमो के अनुसार, चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय (MSS) ने जेन्सन हुआंग से खुफिया जानकारी जुटाने और एनवीडिया के उन्नत चिप्स की बिक्री को प्रभावित करने के लिए एलिस हुआंग को काम पर लगाया था।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और राजनीतिक दबाव
वाशिंगटन स्थित चीनी दूतावास ने इन आरोपों को 'निराधार आरोप और बदनामी' करार दिया है। वहीं, सिंगापुर पुलिस ने मेगास्पीड के खिलाफ एक अलग जांच शुरू होने की पुष्टि की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि जेन्सन हुआंग एक अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन आपको कभी नहीं पता होता कि क्या चल रहा है। वहीं, अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की तीन रिपब्लिकन कमेटियों के अध्यक्षों ने 18 नवंबर को जेन्सन हुआंग से बंद कमरे में ब्रीफिंग मांगी है।