पाकिस्तान के वजीरिस्तान में भीषण धमाका, 10 लोगों की मौत...पेट्रोल भरवाने के लिए खड़ी थी भीड़

Pakistan : बताया जा रहा है कि धमाका उस समय हुआ जब पेट्रोल पंप पर काफी भीड़ मौजूद थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और हाई अलर्ट की स्थिति बन गई है। साउथ वजीरिस्तान पहले से ही एक संवेदनशील कबायली इलाका माना जाता है। धमाके के तुरंत बाद राहत और बचाव दल तथा सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं

अपडेटेड Mar 07, 2026 पर 11:05 PM
Story continues below Advertisement
Pakistan: पाकिस्तान के वजीरिस्तान में बड़ा धमाका हुआ है।

पाकिस्तान के वजीरिस्तान में बड़ा धमाका हुआ है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतें तक हिल गईं और पूरे आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और देखते ही देखते तेल भरवाने की लाइन श्मशान में बदल गई। रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को पाकिस्तान के साउथ वजीरिस्तान के लोअर वाना इलाके में एक पेट्रोल पंप पर जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

धमाके में 10 लोगों की मौत

बताया जा रहा है कि धमाका उस समय हुआ जब पेट्रोल पंप पर काफी भीड़ मौजूद थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और हाई अलर्ट की स्थिति बन गई है। साउथ वजीरिस्तान पहले से ही एक संवेदनशील कबायली इलाका माना जाता है। धमाके के तुरंत बाद राहत और बचाव दल तथा सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। घायलों और मृतकों को तुरंत वाना के जिला मुख्यालय (DHQ) अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।


सूत्रों के मुताबिक धमाके की असली वजह जानने के लिए अभी शुरुआती जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मौके की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाका रिमोट से चलने वाले इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) की वजह से हुआ या किसी सुसाइड बॉम्बर ने हमला किया। हालांकि शनिवार शाम तक किसी भी संगठन ने इस हमले की आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन पिछले एक महीने में इस इलाके में उग्रवादी गतिविधियों में तेजी देखी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं।

पाकिस्तान के बिगड़ते हालात

यह घटना ऐसे समय हुई है जब पूरे इलाके में तनाव बढ़ा हुआ है और डूरंड लाइन के पास सुरक्षा हालात भी बिगड़ते नजर आ रहे हैं। पिछले दो हफ्तों में साउथ वज़ीरिस्तान और नॉर्थ वज़ीरिस्तान में कई बार झड़पें और टारगेटेड हमले हो चुके हैं। ताजा धमाका नॉर्थ वज़ीरिस्तान में एक दिन पहले हुए सुसाइड बॉम्ब हमले के बाद हुआ है। उस हमले में एक सुरक्षा चौकी (चेक पोस्ट) को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद से इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई थी।

स्थानीय लोग पहले से ही फ्यूल की कमी और आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं, जिसकी एक वजह ईरान और इजरायल के बीच चल रहा तनाव भी माना जा रहा है। वाना में एक बड़े पेट्रोल पंप का नष्ट होना न सिर्फ जान-माल का नुकसान है, बल्कि कबायली इलाकों की पहले से कमजोर सप्लाई चेन पर भी सीधा असर डाल सकता है। धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने लोअर वाना इलाके को चारों ओर से घेर लिया और हमले में शामिल लोगों या उनके सहयोगियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।