एक-दो बार नहीं बल्कि पांच बार मौत को मात दे चुके हैं ट्रंप! जानिए 2016 से 2026 के बीच ट्रंप पर कब-कब हुए घातक हमले

Trump Assassination Attempts: हमले के बाद ट्रंप ने देश को संबोधित करते हुए अपने पुराने जख्मों को याद किया। ट्रंप ने बताया कि कैसे बटलर से लेकर पाम बीच तक उन पर जानलेवा हमले हुए। आइए आपको बताते हैं ट्रंप पर अब तक हुए उन हमलों की पूरी कहानी, जिसमें वे बाल-बाल बचे

अपडेटेड Apr 26, 2026 पर 9:58 AM
Story continues below Advertisement
13 जुलाई, 2024 को पेंसिलवेनिया में ट्रंप पर सबसे बड़ा और सीधा हमला हुआ था। तब उनके कान को छूकर गोली निकल गई थी

Donald Trump Assassination Attempts: शनिवार रात वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में फायरिंग के बाद पूरे देश में सनसनी फैल गई। इस हमले में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित है। हमले के बाद ट्रंप ने देश को संबोधित करते हुए अपने पुराने जख्मों को याद किया। ट्रंप ने बताया कि कैसे बटलर से लेकर पाम बीच तक उन पर जानलेवा हमले हुए। आइए आपको बताते हैं ट्रंप पर अब तक हुए उन हमलों की पूरी कहानी, जिसमें वे बाल-बाल बचे।

1. बटलर रैली, पेंसिलवेनिया (13 जुलाई, 2024): कान को छूकर निकली गोली

13 जुलाई, 2024 को बटलर रैली, पेंसिलवेनिया में ट्रंप पर अब तक का सबसे बड़ा और सीधा हमला हुआ था। एक चुनावी रैली के दौरान 20 वर्षीय शूटर थॉमस मैथ्यू क्रुक्स ने पास की छत से ट्रंप पर अंधाधुंध फायरिंग की। एक गोली ट्रंप के दाहिने कान के ऊपरी हिस्से को छूकर निकल गई। इस हमले में एक दर्शक की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। शूटर को मौके पर ही सीक्रेट सर्विस ने ढेर कर दिया था।


2. मार-ए-लागो गोल्फ कोर्स, फ्लोरिडा (15 सितंबर, 2024): झाड़ियों में छिपा था शूटर

बटलर हमले के ठीक दो महीने बाद ट्रंप पर एक और साजिश रची गई। जब ट्रंप अपने गोल्फ कोर्स पर खेल रहे थे, तब सीक्रेट सर्विस एजेंट ने बाड़ की झाड़ियों के बीच एक बंदूक की नली देखी। संदिग्ध रयान वेस्ले रूथ वहां AK-47 स्टाइल राइफल और गोप्रो कैमरा लेकर हमले की ताक में था। एजेंटों के फायरिंग करते ही वह भाग निकला, लेकिन बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रंप को कोई चोट नहीं आई।

शूटर की पहली तस्वीर सामने आई, सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप की घेराबंदी तोड़ने के दौरान दबोचा

3. लास वेगास रैली (18 जून, 2016): पुलिस की बंदूक छीनने की कोशिश

राष्ट्रपति बनने से पहले भी ट्रंप को निशाना बनाया गया था। लास वेगास में एक रैली के दौरान ब्रिटिश नागरिक माइकल स्टीवन सैंडफोर्ड ने एक पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीनने की कोशिश की ताकि वह ट्रंप को मार सके। वैसे उसे तुरंत काबू में कर लिया गया। बाद में उसने स्वीकार किया कि वह ट्रंप की हत्या के इरादे से ही वहां आया था।

4. नॉर्थ डकोटा 'फोर्कलिफ्ट' साजिश (6 सितंबर, 2017): गाड़ी पलटने का प्लान

यह हमला थोड़ा अलग लेकिन बेहद खतरनाक था। ग्रेगरी ली लिंगांग नाम के व्यक्ति ने एक ऑयल रिफाइनरी से फोर्कलिफ्ट चुरा लिया। उसका मकसद ट्रंप की बुलेटप्रूफ कार 'द बीस्ट' को टक्कर मारकर पलटना था। फोर्कलिफ्ट रास्ते में ही फंस गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पूछताछ में ट्रंप की हत्या की साजिश कबूली थी।

5. वॉशिंगटन हिल्टन (25 अप्रैल, 2026): शॉटगन से हुआ हमला

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में हुई यह लेटेस्ट घटना सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है। कैलिफोर्निया के रहने वाले एक 31 वर्षीय शूटर ने शॉटगन लेकर सुरक्षा चेकपॉइंट को पार करने की कोशिश की और फायरिंग की। एक सीक्रेट सर्विस एजेंट की जैकेट पर गोली लगी, लेकिन वह सुरक्षित है। ट्रंप, मेलानिया और जेडी वेंस को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।