Trump Address After Shooting: वॉशिंगटन डीसी में हुए हमले के महज कुछ ही समय बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम से देश को संबोधित किया। ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस की बहादुरी की तारीफ करते हुए खुलासा किया कि हमलावर कई हथियारों से लैस था और उसने सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की थी। ट्रंप ने अमेरिकी जनता से शांति की अपील करते हुए इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक बताया।
शूटर ने सुरक्षा घेरे पर भी किया था हमला
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने घटना की पूरी जानकारी साझा की। ट्रंप ने बताया कि संदिग्ध ने एक सुरक्षा चेकप्वाइंट पर हमला किया था, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उसे तुरंत दबोच लिया। हमलावर के पास एक से ज्यादा हथियार थे। रॉयटर्स के मुताबिक, एफबीआई ने पुष्टि की है कि शूटर ने शॉटगन से सीक्रेट सर्विस एजेंट पर फायरिंग की थी। गनीमत रही कि जिस एजेंट को गोली लगी, वह अपनी सुरक्षा गियर की वजह से पूरी तरह सुरक्षित है। ट्रंप ने बताया कि, 'वह ऑफिसर अब बिल्कुल ठीक है।'
प्रारंभिक जांच के आधार पर ट्रंप ने बताया कि, संदिग्ध हमलावर कैलिफोर्निया का रहने वाला माना जा रहा है। फिलहाल इसे 'लोन शूटर' यानी अकेला हमलावर की घटना माना जा रहा है। एजेंसियां अभी भी उसके मकसद और बैकग्राउंड की जांच कर रही हैं।
30 दिनों के भीतर दोबारा होगा कार्यक्रम
ट्रंप ने साफ किया कि आतंक के आगे झुका नहीं जाएगा। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर को रद्द नहीं, बल्कि स्थगित किया गया है। अगले 30 दिनों के भीतर इसे दोबारा आयोजित किया जाएगा। ट्रंप ने बताया कि वे खुद, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और सभी कैबिनेट सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जैसे ही फायरिंग की आवाज सुनी गई तब होटल के भीतर का नजारा खौफनाक था। 2,600 मेहमानों के बीच सन्नाटा पसर गया और फिर चीखें सुनाई दीं- 'नीचे झुक जाओ, नीचे झुक जाओ!' सैकड़ों मेहमान टेबल के नीचे छिप गए, जबकि वेटर जान बचाने के लिए हॉल के अगले हिस्से की ओर भागे। ट्रंप और मेलानिया भी सुरक्षा घेरे में आने से पहले मंच के पीछे झुक गए थे।