'भारत की 7% ग्रोथ देखो...' US फेड की ब्याज दरों पर भड़के ट्रंप, कहा- दरें घटें तो 20% तक भाग सकती है अमेरिकी GDP
Donald Trump on India GDP: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत की मजबूत 7% GDP ग्रोथ और कम ब्याज दरों का हवाला देते हुए अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप का दावा है कि अगर फेड ब्याज दरें घटा दे, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था 20% तक की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं दूसरी ओर, गोल्डमैन सैक्स ने 2027 में भारत की ग्रोथ 7.2% रहने और महंगाई के चलते RBI द्वारा रेपो रेट बढ़ाए जाने का अनुमान जताया है
उन्होंने केंद्रीय बैंक पर आर्थिक विकास को पीछे धकेलने का आरोप लगाते हुए अपनी आलोचना फिर तेज कर दी है
Donald Trump Slams US Fed: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की मजबूत आर्थिक विकास दर और अपेक्षाकृत कम ब्याज दरों का हवाला देते हुए अमेरिकी केंद्रीय बैंक पर निशाना साधा है। ट्रंप का तर्क है कि अगर फेडरल रिजर्व ब्याज दरें कम कर दे, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था सालाना 20 प्रतिशत तक की रफ्तार से बढ़ सकती है। उन्होंने केंद्रीय बैंक पर आर्थिक विकास को पीछे धकेलने का आरोप लगाते हुए अपनी आलोचना फिर तेज कर दी है।
व्हाइट हाउस में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने भारत की 7 प्रतिशत GDP ग्रोथ को इस बात का उदाहरण बताया कि कैसे कम ब्याज दरें आर्थिक विस्तार को सहारा दे सकती हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर फेड रिजर्व अधिक उदार मौद्रिक नीति अपनाए, तो अमेरिका 14-15 प्रतिशत या यहां तक कि 20 प्रतिशत की ग्रोथ भी हासिल कर सकता है।
'अच्छे आंकड़े आने पर दरें घटाएं, बढ़ाएं नहीं'
ट्रंप ने कहा, 'अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और उनकी GDP 7 प्रतिशत है। हमारी GDP 14%, 15% और शायद 20% तक हो सकती है।' अमेरिकी राष्ट्रपति का मानना है कि मजबूत आर्थिक प्रदर्शन होने पर केंद्रीय बैंक को मौद्रिक स्थितियों को सख्त करने के बजाय ब्याज दरों में कटौती करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि फेड सकारात्मक आर्थिक आंकड़ों के जवाब में ब्याज दरें बढ़ाकर देश की विकास क्षमता को सीमित कर रहा है।
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, 'हम ठीक इसके उलट करते हैं। हम देश को बर्बाद करने के लिए ऐसा करते हैं। जब हमारे पास इतने शानदार आंकड़े हैं, तो आपको दरें बढ़ाते नहीं रहना चाहिए। आपको दरें कम करनी चाहिए क्योंकि हमारी क्रेडिट बेहतर है। तब हमारी GDP 4 प्रतिशत नहीं, बल्कि 15 या 20 प्रतिशत होगी और हम अपना कर्ज भी बहुत तेजी से चुका पाएंगे।'
फेडरल रिजर्व पर लगाया राजनीति करने का आरोप
ट्रंप ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि दुनिया में सबसे कम ब्याज दरें अमेरिका में क्यों नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका की आर्थिक ताकत और अन्य देशों को आगे बढ़ाने में उसकी भूमिका को देखते हुए उसे सबसे सस्ते कर्ज का हक है। ट्रंप ने कहा, 'हम वह देश हैं जो दूसरे देशों को सफल बनाते हैं। उनमें से कुछ को वित्तीय रूप से कुलीन माना जाता है, लेकिन वे हमारी वजह से ही इस मुकाम पर हैं। इसलिए हमारे पास सबसे कम दरें होनी चाहिए।'
फेडरल रिजर्व पर मौद्रिक नीति को लेकर राजनीतिक रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए ट्रंप ने कहा कि अच्छे आर्थिक आंकड़े जारी होते ही केंद्रीय बैंक बार-बार दरें बढ़ा देता है। उन्होंने कहा, 'ब्याज दरें बहुत अधिक हैं क्योंकि हमारा फेड बहुत राजनीतिक है। मैं चेयरमैन को दोष नहीं दे रहा, लेकिन सच्चाई यही है कि फेड बेहद राजनीतिक हो गया है। जब भी हम अच्छे आंकड़े घोषित करते हैं, वे दरें बढ़ा देते हैं। जबकि इसका उल्टा होना चाहिए।'
महंगाई और फेड का रुख
ट्रंप की यह टिप्पणी ब्याज दरों में कटौती की गति को लेकर फेडरल रिजर्व के साथ उनके जारी मतभेदों को उजागर करती है। वैसे उनकी यह मांग ऐसे समय में आई है जब अमेरिका में महंगाई अभी भी बनी हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में सालाना पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई दर 3.6 प्रतिशत रही, जबकि कोर PCE महंगाई (जिसमें खाद्य और ऊर्जा की कीमतें शामिल नहीं हैं) 3.1 प्रतिशत पर रही। ये दोनों ही आंकड़े फेड के 2 प्रतिशत के दीर्घकालिक लक्ष्य से ऊपर हैं। गौरतलब है कि फेडरल रिजर्व अमेरिकी सरकार से स्वतंत्र रूप से काम करता है और महंगाई को काबू में रखने के लिए ब्याज दरों का इस्तेमाल करता है।
भारत की अर्थव्यवस्था पर गोल्डमैन सैक्स का क्या है अनुमान?
ट्रंप द्वारा भारत से की गई इस तुलना के बीच, वैश्विक निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने अनुमान जताया है कि कैलेंडर वर्ष 2027 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2026 के अनुमानित 7.9 प्रतिशत से थोड़ा कम होकर 7.2 प्रतिशत रह सकती है। वैसे बैंक का यह भी मानना है कि अगले साल महंगाई 2026 के 4.6 प्रतिशत से बढ़कर 5.7 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जिससे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) मौद्रिक नीति को थोड़ा सख्त कर सकता है।
गोल्डमैन सैक्स के अनुसार, अल नीनो (El Niño) से जुड़े मौसम संबंधी व्यवधानों और बढ़ती इनपुट लागत के कारण महंगाई का जोखिम बढ़ सकता है, जिसके चलते 2027 के अंत तक भारत का रेपो रेट 2026 के अंत के 5.75 प्रतिशत से बढ़कर 6.25 प्रतिशत तक जा सकता है।
निजी निवेश भारत की ग्रोथ को मजबूत सहारा देगा। 2026 में NSE 500 कंपनियों का पूंजीगत व्यय सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़ा है, जो एक दशक में दूसरी सबसे बड़ी बढ़त है। इसके अलावा, बैंक को उम्मीद है कि अगले 12 महीनों में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96 के आसपास स्थिर रहेगा।