ट्रंप ने नहीं मानी हार, रूस-यूक्रेन लड़ाई खत्म करने के लिए 18 अगस्त को जेलेंस्की से करेंगे मुलाकात

अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ यूक्रेन युद्ध को लेकर किसी तरह का समाधान नहीं निकलने के बाद ट्रंप ने कहा है कि वह 18 अगस्त को जेलेंस्की से बातचीत करेंगे। जेलेंस्की यूक्रेन के राष्ट्रपति हैं

अपडेटेड Aug 16, 2025 पर 3:15 PM
Story continues below Advertisement
जेलेंस्की ने संवाददाताओं से कहा है कि उनकी ट्रंप के साथ फोन पर लंबी बातचीत हुई है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार नहीं मानी है। अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ यूक्रेन युद्ध को लेकर किसी तरह का समाधान नहीं निकलने के बाद ट्रंप ने कहा है कि वह 18 अगस्त को जेलेंस्की से मिलेंगे। जेलेंस्की यूक्रेन के राष्ट्रपति हैं। ट्रंप से उनकी बातचीत वॉशिंगटन में होगी। इससे यह संकेत निकलता है कि ट्रंप किसी कीमत पर रूस और यूक्रेन युद्ध बंद कराना चाहते हैं।

जेलेंस्की से फोन पर लंबी बातचीत

जेलेंस्की ने संवाददाताओं से कहा है कि उनकी ट्रंप के साथ फोन पर लंबी बातचीत हुई है। 15 अगस्त को अलास्का में ट्रंप और पुतिन की बातचीत पर दुनियाभर की नजरें थीं। यह माना जा रहा था कि इस बातचीत से यूक्रेन-रूस युद्ध बंद करने का रास्ता निकलेगा। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। बातचीत के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया से बातचीत नहीं की। हालांकि, दोनों ने बातचीत को सार्थक बताया। दोनों ने एक दूसरे के बारे में अच्छी बातें भी की। पुतिन ने कहा कि अगर 2020 में राष्ट्रपति चुनावों में ट्रंप की हार नहीं हुई होती तो 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू नहीं होता। दरअसल, उनका इशारा पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की तरफ था, जिन्होंने युद्ध रोकने के लिए पर्याप्त कोशिश नहीं की।


अलास्का की बातचीत में रूस-यूक्रेन युद्ध का नहीं निकला समाधान

पुतिन ने 2022 में यूक्रेन पर हमला शुरू किया था। उसके बाद पहली बार वे अमेरिका पहुंचे थे। इस बातचीत को लेकर दुनियाभर में खूब चर्चा थी। लेकिन, अगर रूस-यूक्रेन लड़ाई के लिहाज से देखा जाए तो यह बेनतीजा रही। लेकिन, अमेरिका में पुतिन का भव्य स्वागत हुआ। उन्हें अमेरिका में रेड कॉर्पेट वेलकम मिला। उन्हें अमेरिका ने राजकीय सम्मान दिया। लेकिन, बातचीत के बाद ट्रंप ने कहा कि डील के लिए दोनों के बीच डील होनी जरूरी है।

पुतिन ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच सहमति बनी

पुतिन ने कहा कि दोनों नेता यूक्रेन को लेकर एक सहमति पर पहुंचे हैं। उन्होंने यूरोप को चेताया कि उसे इस प्रोसेस को बाधित नहीं करना चाहिए। अलास्का के लिए रवाना होने से पहले पुतिन ने फॉक्स न्यूज से कहा था कि शांति की बातचीत को आगे बढ़ाने की ज्यादा जिम्मेदारी जेलेंस्की की है। हालांकि, उन्होंने कहा था कि शांति की प्रक्रिया में यूरोपीय देशों की भूमिका हो सकती है।

यह भी पढ़ें: पुतिन से तीखे सवाल, आखिर ट्रंप को आप पर क्यों भरोसा करना चाहिए?

वॉशिंगटन पहुंचने पर ट्रंप ने मीडिया से नहीं की बातचीत

उधर, वाशिंगटन पहुंचने के पर ट्रंप ने मीडिया से बातचीत नहीं की। उनकी प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि वह (ट्रंप) नाटो और यूरोपीय नेताओं से फोन पर बातचीत कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने जेलेंस्की से काफी देर तक बातचीत की है। यूरोपीय कमीशन के मुताबिक, ट्रंप ने जर्मनी के चांसलर, फ्रांस के राष्ट्रपति, ब्रिटने के प्रधानमत्री सहित कई नेताओं से बातचीत की। इसका मतलब है कि ट्रंप अब भी रूस-यूक्रेन की लड़ाई के समाधान के लिए कोशिश कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।