Hindu killed in Bangladesh: दीपू चंद्र दास के बाद बांग्लादेश में एक और हिंदू की हत्या, कट्टरपंथियों ने अमृत मंडल को पीट-पीटकर मार डाला

Hindu killed in Bangladesh: बांग्लादेश में कट्टरपंथियों ने एक और हिंदू व्यक्ति की जान ले ली है। दीपू चंद्र दास की हत्या के कुछ ही दिनों बाद राजबाड़ी के पांग्शा इलाके में कट्टरपंथी भीड़ ने 29 वर्षीय अमृत मंडल को पीट-पीटकर मार डाला। इससे पहले 25 वर्षीय मजदूर दीपू दास की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। फिर उनके शरीर में सरेआम आग लगा दी

अपडेटेड Dec 25, 2025 पर 7:45 PM
Story continues below Advertisement
Hindu killed in Bangladesh: कट्टरपंथियों ने 29 वर्षीय अमृत मंडल को पीट-पीटकर मार डाला

Hindu killed in Bangladesh: बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या के कुछ ही दिनों बाद कट्टरपंथी भीड़ ने एक और हिंदू व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला है। बुधवार (24 दिसंबर) रात राजबाड़ी जिले में भीड़ ने 29 साल के एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पीड़ित की पहचान अमृत मंडल उर्फ ​​सम्राट के रूप में हुई है। उस पर पांग्शा उपजिला के होसैंदांगा ओल्ड मार्केट में बुधवार रात करीब 11 बजे हमला किया गया। हमले के तुरंत बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इससे पहले 25 वर्षीय मजदूर दीपू दास की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

नए हत्याकांड की पुष्टि करते हुए पांग्शा मॉडल पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज शेख मोइनुल इस्लाम ने कहा कि अमृत मंडल पर स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर जबरन वसूली का आरोप लगाया था। इसके बाद भीड़ हिंसक हो गई। पुलिस ने बताया कि अमृत मंडल उनके रिकॉर्ड में एक स्थानीय ग्रुप लीडर के तौर पर दर्ज था। इसे "सम्राट वाहिनी" कहा जाता था। वह होसैंदांगा गांव के रहने वाले अक्षय मंडल का बेटा था।

पुलिस ने बताया कि हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और हत्या की वजह बनने वाली घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना से इलाके में तनाव पैदा हो गया है। इस हत्या के बाद अशांति को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इससे पहले बांग्लादेश के मैमनसिंह के बालुका इलाके में 18 दिसंबर को ईशनिंदा के आरोपों को लेकर कपड़ा कारखाने में काम करने वाले 25 वर्षीय मजदूर दास की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिर उसके शरीर में सरेआम आग लगा दी।


कई हिंदू परिवार पर भीड़ ने किया हमला

बांग्लादेश पुलिस ने दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चटगांव के पास हिंदू परिवार के घर में आग लगाने वाले हमलावरों के बारे में जानकारी देने पर इनाम की घोषणा की है। बांग्लादेश के बदलते राजनीतिक परिदृश्य में भीड़ हिंसा एक प्रमुख संकट के रूप में उभरी है। 'इत्तेफाक' अखबार ने गुरुवार को अपनी खबर में बताया कि चटगांव रेंज के पुलिस प्रमुख अहसान हबीब ने बुधवार रात को शहर के बाहरी इलाके रावजान क्षेत्र में सुख शिल और अनिल शिल के जले हुए घर का दौरा करते हुए इनाम की पेशकश की। हालांकि उन्होंने इनामी राशि के बारे में जानकारी नहीं दी।

खबरों के मुताबिक, मंगलवार रात को अज्ञात बदमाशों ने घर में आग लगा दी। लेकिन घर में रहने वाले लोग बाल-बाल बच गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे तड़के आग की गर्मी महसूस करके जाग गए। लेकिन दरवाजे बाहर से बंद होने के कारण वे शुरू में बाहर नहीं निकल पाए। दोनों परिवारों के आठ सदस्य टीन की चादरें और बांस की बाड़ काटकर जलते हुए घर से बाहर निकल पाए।

'द बिजनेस स्टैंडर्ड' अखबार की खबर के मुताबिक, पिछले सप्ताह इसी इलाके में हिंदू परिवारों के घरों को निशाना बनाकर आगजनी की कई घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने बताया कि उसने पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष सुरक्षा दल का गठन किया है।

7 हिंदू घरों में लगाई आग

खबर में बताया गया है कि पांच दिनों में रावजान के तीन अलग-अलग इलाकों में सात हिंदू परिवारों के घर जला दिए गए। रावजान पुलिस थाना प्रभारी साजिदुल इस्लाम ने बताया कि पुलिस छापेमारी में अब तक पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें- Bangladesh unrest: 'हमने बांग्लादेश को दो बार आजाद कराया'; खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान ने अपने पहले संबोधन में क्या कहा?

पुलिस ने अंतरधार्मिक सद्भाव सुनिश्चित करने और ऐसे जघन्य अपराधों के अपराधियों के खिलाफ सामाजिक सतर्कता बरतने के लिए स्थानीय प्रभावशाली लोगों के साथ बैठक की। पिछले सप्ताह मैमनसिंह क्षेत्र में ईशनिंदा के आरोप में भीड़ ने 28 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की पीट कर हत्या कर दी थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।