Iran Launched Fresh Wave Of Missiles: अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' ने उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर चुना है। उनके बागडोर संभालते ही सोमवार तड़के ईरान ने इजरायल पर मिसाइलों की एक नई लहर से हमला बोला। यह हमला मोजतबा द्वारा अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद सत्ता संभालने के बाद पहली बड़ी सैन्य कार्रवाई है।
88 सदस्यीय 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' ने निर्णायक वोट के बाद 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर नियुक्त किया। उन्हें रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) का बेहद करीबी और कट्टरपंथी माना जाता है। ईरानी सरकारी मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों में मिसाइलों पर 'सैय्यद मोजतबा, हम आपके आदेश पर तैयार हैं' जैसे नारे लिखे देखे गए।
ईरान के निशाने पर कतर, सऊदी और कुवैत
ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई अब केवल इजरायल तक सीमित नहीं है, बल्कि उन सभी खाड़ी देशों तक फैल गई है जहां अमेरिकी ठिकाने हैं। कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका का बड़ा सैन्य अड्डा है, वहां सोमवार को भीषण धमाके हुए। कतर के रक्षा मंत्रालय ने एक मिसाइल को मार गिराने की पुष्टि की है।
सऊदी ने अपने दक्षिण-पूर्वी 'शायबाह तेल क्षेत्र' की ओर बढ़ रहे दो ड्रोन को नष्ट किया। तनाव को देखते हुए अमेरिका ने सऊदी से अपने गैर-आपातकालीन दूतावास कर्मचारियों को निकालने का आदेश दिया है।
कुवैत ने पिछले 24 घंटों में 7 मिसाइलों और 5 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है। वहीं, बहरीन के सित्रा द्वीप पर हुए ड्रोन हमले में कई लोग घायल हुए हैं।
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने पड़ोसी देशों को साफ लहजे में चेतावनी दी है कि अगर उनकी जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हमलों के लिए किया गया, तो उन्हें भी अंजाम भुगतना होगा।
वैश्विक अर्थव्यवस्था पर फूटा 'ऑयल बम'!
मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष ने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिला दिया है। 2022 के रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पहली बार कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। तेल पर निर्भर देशों जैसे जापान और दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार सोमवार को भारी गिरावट के साथ खुले। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे 'मामूली कीमत' बताया है, उनका तर्क है कि ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करने के लिए यह एक 'छोटी कीमत' है।