Iran-Israel War News Updates: इजरायल ने अस्पताल पर किए गए हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई पर सीधा हमला करने की धमकी दी है। ईरानी मिसाइल हमले के बाद इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई का अब अस्तित्व नहीं बचेगा। इजराइल काट्ज ने कहा है कि सेना को ईरान पर हमले तेज करने का आदेश दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के मिसाइल हमलों में दक्षिणी इजरायल में मौजूद एक बड़े हॉस्पिटल को नुकसान पहुंचा है। इजरायली लोकल मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार सुबह ईरान द्वारा इजरायल पर 25 मिसाइलों से किए गए नए हमले में तेल-अवीव स्टॉक एक्सचेंज की बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा है।
हालांकि, इस मिसाइल हमले का इजरायली शेयर बाजार पर कोई खास असर नहीं हुआ। बल्कि वहां का स्टॉक मार्केट 52 हफ्तों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। ईरानी हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी चेतावनी दी है कि दक्षिणी इजरायल के बीर्शेबा में सोरोका अस्पताल पर हमले के बाद ईरान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
तेल अवीव के पास होलोन में पत्रकारों से बात करते हुए रक्षा मंत्री इजराइल कैट्ज ने कहा, "खामेनेई खुलेआम घोषणा करते हैं कि वे इज़रायल को नष्ट करना चाहते हैं। वे व्यक्तिगत रूप से अस्पतालों पर गोलीबारी करने का आदेश देते हैं। वे इजरायल राज्य के विनाश को अपना लक्ष्य मानते हैं।" कैट्ज़ ने कहा, "ऐसे व्यक्ति को अब और अस्तित्व में नहीं रहने दिया जा सकता।"
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी अस्पताल पर हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने चेतावनी दी है कि ईरान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। नेतन्याहू ने X पर एक पोस्ट में कहा, "आज सुबह ईरान के आतंकवादी तानाशाहों ने सोरोका अस्पताल पर मिसाइलें दागीं...। हम तेहरान में अत्याचारियों को इसकी भारी कीमत चुकाने पर मजबूर करेंगे।"
हालांकि, ईरान ने दावा किया कि वह इजरायली सैन्य और खुफिया अड्डे को निशाना बना रहा है, अस्पताल को नहीं। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की "बिना शर्त आत्मसमर्पण" की मांग को अस्वीकार कर दिया है। जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया है कि ईरान हमसे बातचीत करना चाहते हैं।
इस बीच, खबर है कि ईरानी विदेशी मंत्री अब्बास अरागची जिनेवा में अपने समकक्षों से मुलाकात करेंगे। ये मुलाकातें ऐसे वक्त हो रही हैं जब इजरायल ने ईरान पर अपना हवाई अभियान जारी रखा हुआ है। सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' की खबर के अनुसार, विदेश मंत्री अब्बास अरागची शुक्रवार को मुलाकातों के लिए जिनेवा जाएंगे।
इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष की शुरुआत बीते शुक्रवार से हुई। पीएम नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ 'ऑपरेशन राइजिंग लायन' शुरू करने की घोषणा की, जो ईरान के परमाणु हथियारों के खतरे को कम करने के लिए एक टारगेटेड सैन्य अभियान है। इसके बाद तेहरान की ओर से तीव्र और आक्रामक जवाबी कार्रवाई शुरू हुई, जिससे क्षेत्र एक व्यापक युद्ध के कगार पर पहुंच गया।