Israel-Iran Attack: इजराइल ने शुक्रवार की रात ईरान पर दूसरा हवाई हमला किया, जिससे दोनों देशों के बीच स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई है। बता दें कि शुक्रवार की रात राजधानी तेहरान में कई जगह पर धमाकों की आवाज सुनी गई है। इजराइल आर्मी का कहना है कि उसके फाइटर जेट्स ने ईरान के मिसाइल लॉन्चर और ड्रोन ठिकानों पर कई हमले किए हैं। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोर्डो न्यूक्लियर ठिकानों के पास दो धमाकों की आवाज सुनी गई है।
इजराइल ने ईरान को पहुंचाया बड़ा नुकसान
इससे पहले आज सुबह 200 इजराइली फाइटर जेट्स से ईरान के 6 ठिकानों पर हमला किया था। रात भर चले इन हमलों में परमाणु और सैन्य ठिकानों के साथ-साथ ईरानी अधिकारियों से जुड़ी कुछ रिहायशी इमारतों को भी निशाना बनाया गया। इन हमलों के बाद, इजरायली सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल ज़मीर ने कहा कि सेना अपने मकसद को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से कार्रवाई कर रही है। बता दें कि इजराइली हमले में ईरान में अब तक 78 लोग मारे गए और 329 घायल हुए हैं। मरने वालों में ईरान के 6 परमाणु वैज्ञानिक और टॉप 5 मिलिट्री कमांडर शामिल हैं।
इजरायली सेना प्रमुख ने दिया सख्त संदेश
इजरायल के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल ज़मीर ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "हमने जो लक्ष्य तय किए हैं, उन्हें हासिल करने के लिए हम पूरी ताकत और तेज़ी से काम कर रहे हैं।" उन्होंने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि आने वाले समय में कुछ मुश्किल हालात आ सकते हैं। जमीर ने चेतावनी देते हुए आगे कहा कि, "हमें उन परिस्थितियों के लिए तैयार रहना होगा जिनकी हमने पहले से योजना बनाई है। देश के भीतर सभी को पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ तैयार रहना होगा।"
यरुशलम में सायरन बजे, यमन से दागी गई मिसाइल
इजराइल पर हमलों के बीच शुक्रवार को यरुशलम में हवाई हमले के सायरन बजने लगे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। इजरायली सेना ने बताया कि यमन की ओर से एक मिसाइल इजरायल की तरफ दागी गई है। सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया, "आईडीएफ (इजरायली रक्षा बल) ने यमन से इजरायल की ओर दागी गई एक मिसाइल को ट्रैक किया है।" यरुशलम के निवासियों ने बताया कि उन्होंने आसमान में तेज धमाके की आवाजें सुनीं, जो पहले भी मिसाइल रुकावट के वक्त सुनाई देती रही हैं।