ईरान की राजधानी तेहरान को इजरायल ने शनिवार को एक बार फिर निशाना बनाया। हमलों के नए दौर के तहत शहर में कई धमाके सुने गए। इतना ही नहीं, तेहरान के एक मुख्य कमर्शियल एयरपोर्ट पर भी धमाके हुए हैं। राजधानी के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और शहर के दूसरे हिस्सों में धमाकों की खबर है। इजरायल ने कहा है कि उसने तेहरान में तय टारगेट्स पर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं।
इजरायली सेना के एक बयान में कहा है कि IDF (इजराइल डिफेंस फोर्सेज) ने ईरानी राजधानी में सरकारी टारगेट्स पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चश्मदीदों ने इजरायल के ताजा हवाई हमलों को खास तौर पर तेज बताया है। उनका कहना है कि नए धमाकों से घर हिल गए और धुएं के गुबार उठने लगे।
मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ईरानी सरकार का है और इसे ईरान का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट माना जाता है। तेहरान के बाहर मौजूद इमाम खुमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उलट, मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सिर्फ डोमेस्टिक फ्लाइट्स हैं।
28 फरवरी से चल रही है लड़ाई
पश्चिम एशिया में लड़ाई का मौजूदा दौर 28 फरवरी 2026 को शुरू हुआ, जब ईरान पर US और इजरायल ने हमले कर दिए। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई और इस्लामिक रिपब्लिक के दूसरे बड़े लोग मारे गए। इसके बाद ईरान ने भी जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन से इजरायल पर हमले कर दिए। साथ ही मध्यपूर्व के कई देशों में भी अमेरिकी मिलिट्री बेस और इजरायल से जुड़े एसेट्स को निशाना बनाकर हमले किए।
ईरान का बिना शर्त सरेंडर चाहते हैं ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी संभव है, जब वह बिना शर्त सरेंडर करे। इसके बाद ईरान में नई और बेहतर लीडरशिप चुनी जाएगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान में नई नेतृत्व व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिया कि अगर ईरान मान जाता है तो अमेरिका, ईरान को दोबारा खड़ा करने और उसे फिर से बनाने में मदद कर सकता है।