Urgent Warning To Iranians: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष अब अपने सबसे विनाशकारी मोड़ पर पहुंचने वाला है। ये कयास इसलिए लगाए जा रहे हैं क्योंकि इजरायली सेना ने ईरान के आम नागरिकों के लिए एक बेहद 'अर्जेंट एडवाइजरी' जारी की है। एडवाइजरी में आम लोगों को अगले 12 घंटों तक ट्रेनों और रेलवे लाइनों से दूर रहने को कहा गया है। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की समझौते की 'डेडलाइन' खत्म होने में कुछ ही घंटे बचे हैं।
'जानलेवा हो सकता है ट्रेन का सफर'
इजरायली सेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ईरान के लोगों को सतर्क किया है। ईरान के समय के अनुसार आज रात 9:00 बजे तक लोगों को ट्रेनों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है। सेना ने स्पष्ट कहा है, 'ट्रेनों में आपकी मौजूदगी या रेलवे ट्रैक के आसपास होना आपकी जान को खतरे में डाल सकता है।' एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह चेतावनी इस बात का संकेत है कि इजरायल, ईरान के लॉजिस्टिक्स और रेलवे नेटवर्क को निशाना बना सकता है।
मंगलवार तड़के अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए संयुक्त हमलों में ईरान की राजधानी तेहरान को भारी नुकसान पहुंचा है। ईरानी मीडिया के अनुसार, तेहरान स्थित ऐतिहासिक 'राफी-निया सिनेगॉग' हमलों में पूरी तरह नष्ट हो गया है। ईरान में यहूदी धर्म को आधिकारिक मान्यता प्राप्त है और वहां अभी भी एक छोटा यहूदी समुदाय रहता है। इस धार्मिक स्थल का विनाश युद्ध की भयावहता को दर्शाता है।
ईरान ने ठुकराई ट्रंप की डील
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई 'डेडलाइन' और बुनियादी ढांचे को तबाह करने की धमकी पर ईरान ने कड़ा रुख अपनाया है। ईरान ने ट्रंप के बयानों को 'अहंकारी बयानबाजी और आधारहीन धमकियां' करार दिया है। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह पीछे नहीं हटेगा और अमेरिकी व इजरायली सेना के खिलाफ उसके ऑपरेशन जारी रहेंगे।
ट्रंप ने दिया है आधी रात का अल्टीमेटम
राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए आज आधी रात (GMT) तक का समय दिया है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर रास्ता नहीं खुला, तो कल रात 12 बजे तक ईरान के हर पुल को 'नेस्तनाबूद' कर दिया जाएगा और हर पावर प्लांट को धमाकों से उड़ा दिया जाएगा। ट्रंप का दावा है कि वे चाहें तो मात्र 4 घंटे के भीतर पूरे ईरान के महत्वपूर्ण ढांचे को 'कंप्लीट डिमोलिश' कर सकते हैं।