Donald Trump: 'कब्जा करो, मदद आ रही है...', ईरान पर हमला करने जा रहा अमेरिका? ट्रंप ने कही ये बात

Donald Trump: ईरान में 12 हजार प्रदर्शनकारियों की हत्या का दावा किया जा रहा है। ईरान से जुड़े मामलों को कवर करने वाली ब्रिटिश वेबसाइट ईरान इंटरनेशनल ने दावा किया है कि ये हत्याएं पिछले 17 दिनों में हुई हैं। वेबसाइट ने इसे ईरान के आधुनिक इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा हत्याकांड बताया है

अपडेटेड Jan 13, 2026 पर 10:31 PM
Story continues below Advertisement
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में प्रदर्शन कर रह लोगों को सरकारी इमारतों पर कब्जा करने की सलाह दी है।

ईरान में संभावित अमेरिकी कार्रवाई के संकेत के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को सभी ईरानियों से विरोध प्रदर्शन जारी रखने और सड़कों पर उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि मदद रास्ते में है, हालांकि इस बारे में कोई विस्तार नहीं दिया। ट्रंप ने अपनी बात “मेक ईरान ग्रेट अगेन (MIGA)” कहकर खत्म की। उन्होंने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान के देशभक्त प्रदर्शन करते रहें और अपनी संस्थाओं को अपने कब्जे में लें।

ट्रंप ने पोस्ट कर कही ये बात 

जब ईरान में मरने वालों की संख्या 2,000 से ज्यादा बताई जा रही है, तब ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को “देशभक्त” कहा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए प्रदर्शनकारियों से संस्थानों पर कब्जा करने की अपील की। ट्रंप ने लिखा, “ईरानी देशभक्तों, विरोध जारी रखो- अपने संस्थानों पर कब्जा करो! मदद रास्ते में है।” उन्होंने यह भी कहा कि जब तक प्रदर्शनकारियों की “बेकार हत्या” नहीं रुकती, तब तक उन्होंने ईरान के अधिकारियों के साथ होने वाली सभी बैठकों को रद्द कर दिया है।


मीटिंग की गई रद्द

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि देशभर में चल रहे बड़े सरकार-विरोधी प्रदर्शनों और सैन्य कार्रवाई की धमकियों के बीच ईरान के नेतृत्व ने उनसे बातचीत के लिए संपर्क किया है। रविवार को एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “ईरान के नेताओं ने कल फोन किया था। एक मीटिंग तय की जा रही है। वे बातचीत करना चाहते हैं।” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि “मीटिंग से पहले हमें कार्रवाई करनी पड़ सकती है।”

ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान में प्रदर्शन नहीं थमे, तो वॉशिंगटन बहुत कड़े विकल्पों पर विचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें हर घंटे हालात की जानकारी मिल रही है और जल्द फैसला लिया जाएगा।

2000 लोगों की मौत

ईरान में 12 हजार प्रदर्शनकारियों की हत्या का दावा किया जा रहा है। ईरान से जुड़े मामलों को कवर करने वाली ब्रिटिश वेबसाइट ईरान इंटरनेशनल ने दावा किया है कि ये हत्याएं पिछले 17 दिनों में हुई हैं। वेबसाइट ने इसे ईरान के आधुनिक इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा हत्याकांड बताया है। वहीं रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने ईरानी अधिकारियों के हवाले से मरने वालों की संख्या 2000 बताई है।

ईरान पर दबाव बनाने की कोशिश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान में प्रदर्शनकारियों पर हो रही कार्रवाई को लेकर अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी सेना संभावित कदमों की जांच कर रही है। सोमवार शाम ट्रंप ने घोषणा की कि ईरान के साथ व्यापार करने वाले किसी भी देश के उत्पादों पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान पर दबाव बनाने के लिए जिन विकल्पों पर विचार हो रहा है, उनमें सैन्य कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। उन्होंने पहले भी कहा था कि अमेरिका “पूरी तरह तैयार” है।

ईरान की ओर से इस टैरिफ घोषणा पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि चीन ने इस फैसले की तुरंत आलोचना की है। ईरान पहले से ही कड़े प्रतिबंधों का सामना कर रहा है और वह अपना ज्यादातर तेल चीन को बेचता है। इसके अलावा तुर्की, इराक, संयुक्त अरब अमीरात और भारत भी उसके प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।