Earthquake In Taiwan: ताइवान एक बार फिर कुदरत के कहर से दहल उठा है। ताइवान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से और राजधानी ताइपे समेत कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई है। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि ताइपे में ऊंची इमारतें काफी देर तक हिलती रहीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और वे घरों व दफ्तरों से बाहर निकल आए।
लगातार दो झटकों से दहला द्वीप
ताइवान की 'सेंट्रल वेदर एडमिनिस्ट्रेशन' और वैश्विक निगरानी संस्थाओं के अनुसार, द्वीप पर दो अलग-अलग तीव्रता के झटके महसूस किए गए। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, भूकंप का पहला झटका 5.7 तीव्रता का था। ताइपे में इमारतों को हिला देने वाले इस भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई पर था। कम गहराई होने के कारण झटकों का अहसास बहुत तेज था। दूसरा झटका ताइवान के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित तैटुंग काउंटी में 6.1 तीव्रता का दर्ज किया गया।