Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में आया 6.2 तीव्रता का भयंकर भूकंप, पाकिस्तान में महसूस हुए झटके

Afghanistan Earthquake: जानकारी के मुताबिक, सोमवार को देर रात 12:59 बजे आए इस भूकंप के झटके अफगानिस्तान में काबुल, ईरान में मशहद और पाकिस्तान में इस्लामाबाद तक महसूस किए गए। इससे पहले शनिवार को 4.9 तीव्रता के हल्के झटके भी इसी क्षेत्र में महसूस किए गए थे

अपडेटेड Nov 03, 2025 पर 7:32 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, यह भूकंप उत्तरी अफगानिस्तान में मजार-ए-शरीफ शहर के पास खुल्म के पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में 22 किलोमीटर दूर, 28 किलोमीटर की गहराई पर आया

Earthquake: अफगानिस्तान का हिंदू कुश क्षेत्र रविवार को 6.2 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से थर्रा उठा, जिसके झटके दूर पाकिस्तान तक महसूस किए गए। यह भूकंप उस क्षेत्र में आया है जहां एक दिन पहले ही कुछ कम तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। आपको बता दें कि इसी क्षेत्र में कुछ महीने पहले ही आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने 800 लोगों की जान ले ली थी। इस भूकंप से एक बार फिर इस क्षेत्र की भूकंपीय संवेदनशीलता उजागर हो गई है।

भूकंप के संभावित प्रभाव को देखते हुए, USGS ने अपने PAGER सिस्टम में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। यह अलर्ट इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में 'काफी संख्या में हताहत होने की संभावना है और आपदा संभावित रूप से व्यापक हो सकती है।'


कहा था भूकंप का केंद्र?

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, यह भूकंप उत्तरी अफगानिस्तान में मजार-ए-शरीफ शहर के पास खुल्म के पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में 22 किलोमीटर दूर, 28 किलोमीटर की गहराई पर आया। BNO न्यूज के मुताबिक, सोमवार को देर रात 12:59 बजे आए इस भूकंप के झटके अफगानिस्तान में काबुल, ईरान में मशहद और पाकिस्तान में इस्लामाबाद तक महसूस किए गए। इससे पहले शनिवार को 4.9 तीव्रता के हल्के झटके भी इसी क्षेत्र में महसूस किए गए थे। यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के अनुसार, शुरुआती तौर पर किसी तरह के जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं मिली है।

पिछली त्रासदी की यादें हुई ताजा

31 अगस्त को इस क्षेत्र में 6.0 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था। उस भूकंप का केंद्र जलालाबाद के पूर्व-उत्तर-पूर्व में 42 किलोमीटर दूर था, और तालिबान सरकार के अनुसार, उस त्रासदी में 800 लोगों की मौत हुई थी। यह 2023 के बाद इस क्षेत्र का सबसे घातक भूकंप था। उस आपदा के कारण कई इलाकों में लैंडस्लाइड हुई, सड़कें बाधित हुईं और 6,700 से अधिक घर नष्ट हो गए थे, जिनमें सबसे अधिक नुकसान कुनार प्रांत में हुआ था। नए भूकंप से पिछली त्रासदी की यादें ताजा हो गईं।

क्यों संवेदनशील है हिंदू कुश क्षेत्र?

अफगानिस्तान एक भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्र में स्थित है, और यहां भूकंप आना एक आम बात है। दरअसल हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला यूरेशियन और भारतीय टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन के पास स्थित है। दो प्लेटों के लगातार टकराने और खिसकने के कारण यह क्षेत्र अत्यधिक अस्थिर है, जिससे यहां भूकंप बार-बार आते है और उनसे भयंकर तबाही मचती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।