अमेरिका में इमिग्रेशन अधिकारी ने महिला को मारी गोली, मौत के खिलाफ मिनियापोलिस में सड़कों पर उतरी जनता

Minneapolis Shooting: वीडियो में दिखाया गया है कि अधिकारी एक SUV के ड्राइवर की तरफ का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे हैं, तभी गाड़ी थोड़ी पीछे हटती है और फिर आगे बढ़ जाती है। तभी एक अधिकारी ड्राइवर पर गोली चलाते है और गाड़ी जा कर एक खड़ी कार से टकरा जाती है। वीडियो में कई गोलियां चलने की की आवाज सुनाई देती है

अपडेटेड Jan 08, 2026 पर 3:46 PM
Story continues below Advertisement
Minneapolis Shooting: अमेरिका में इमिग्रेशन अधिकारी ने महिला को मारी गोली

मिनियापोलिस में US इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एक एजेंट ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। ट्विन सिटीज की रहने वाली 37 साल की रेनी निकोल गुड को उनके घर से कुछ ही दूरी पर गोली मारी गई। इस हत्या के बाद मिनियापोलिस के लोगों में आक्रोश फैल गया और जनता सड़कों पर उतर आई। फायरिंग की यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब संघीय सरकार ने इमिग्रेशन कानूनों को और ज्यादा सख्त कर दिया है।

सरकार की यह सख्ती एक कल्याणकारी योजना घोटाले (Welfare Scandal) के बाद आई है। इस घोटाले का असर इतना बड़ा था कि राज्य के गवर्नर को अपने दूसरे चुनाव के अभियान को बीच में ही छोड़ना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?


गुड अपनी कार में बैठी थी, जब एक ICE अधिकारी उनके पास आया। जब उन्होंने गाड़ी भगाकर भागने की कोशिश की, तो एक ICE एजेंट ने उनके सिर में गोली मार दी। गोलीबारी से पहले असल में क्या हुआ था, यह अभी तक साफ नहीं है।

वीडियो में दिखाया गया है कि अधिकारी एक SUV के ड्राइवर की तरफ का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे हैं, तभी गाड़ी थोड़ी पीछे हटती है और फिर आगे बढ़ जाती है। तभी एक अधिकारी ड्राइवर पर गोली चलाते है और गाड़ी जा कर एक खड़ी कार से टकरा जाती है। वीडियो में कई गोलियां चलने की की आवाज सुनाई देती है।

सरकार ने फेडरल एजेंट का किया बचाव

डिपार्टमेंट में ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी की क्रिस्टी नोएम ने कहा कि फेडरल एजेंट ने "अपनी और अपने सहयोगियों की जान बचाने के लिए अपनी ट्रेनिंग का इस्तेमाल किया।"

उन्होंने कहा कि गुड दिन भर अधिकारियों का पीछा कर रही थी और उनके काम में रुकावट डाल रही थी, और उन्होंने अधिकारी को कुचलने की प्रयास में अपनी गाड़ी को हथियार की तरह इस्तेमाल करने की कोशिश की।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें "कट्टरपंथी वामपंथी" बताया और उन्हें "कानून प्रवर्तन अधिकारियों और ICE एजेंटों को धमकाने, उन पर हमला करने और उन्हें निशाना बनाने" के लिए दोषी ठहराया।

पड़ोसियों ने क्या देखा?

CNN ने गोलीबारी के चश्मदीदों से बातचीत की। हंगामा और शोर सुनकर पड़ोसी अपने घरों से बाहर झांकने लगे कि आखिर क्या हुआ है। तभी उन्होंने एक भयानक मंजर देखा- एक कार ड्राइवर खिड़की से बाहर सिर निकालकर सीटी बजा रहा था और जोर-जोर से चिल्ला रहा था। अचानक बिल्कुल करीब से एक गोली चलने की आवाज आई।

तभी एक महिला खून से लथपथ हालत में ड्राइवर सीट पर पड़ी दिखी और उन्हें एक आवाज सुनाई दी- “तुम लोगों ने मेरी पत्नी को मार डाला!”

मिनेसोटा के नेताओं और जनता में गुस्सा

मिनेसोटा के राजनेताओं ने इस घातक गोलीबारी के लिए सीधे तौर पर ट्रंप प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि प्रवासियों के खिलाफ अपनाई जा रही बेहद सख्त नीतियों के कारण ही यह हिंसा हुई है।

गवर्नर टिम वाल्ज ने चेतावनी दी है कि वे राज्य के नेशनल गार्ड को तैनात करने के लिए तैयार हैं। मिनियापोलिस के मेयर जैकब फ्रे ने DHS के बयान का खंडन किया और एजेंटों को "मिनियापोलिस से दफा हो जाने" का आदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि मिनियापोलिस का यह पल "हमारे गणतंत्र की सहनशीलता" की परीक्षा ले रहा है।

मिनियापोलिस भर के लोग बुधवार को गोलीबारी वाली जगह पर जमा हुए। उन्होंने पहले पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और फिर गुड को श्रद्धांजलि देने के लिए एक शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें पूरा एक ब्लॉक भर गया था।

कौन थीं रेनी निकोल गुड?

परिवार के अनुसार, रेनी निकोल गुड अपने पार्टनर के साथ मिनियापोलिस में रहती थीं। वह छह साल के बच्चे की मां थीं।

गुड ने 2020 में ओल्ड डोमिनियन यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी में डिग्री हासिल की थी। WTKR को दिए एक बयान में, यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष ब्रायन हेमफिल ने कहा कि उनकी हत्या "एक और स्पष्ट उदाहरण है कि भय और हिंसा हमारे देश में अब आम बात हो गई है।"

गुड ने नॉरफॉक, वर्जीनिया में ओल्ड डोमिनियन यूनिवर्सिटी में क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की, जहां उन्हें 2020 में "ऑन लर्निंग टू डिसेक्ट फीटल पिग्स" कविता के लिए यूनिवर्सिटी का अंडरग्रेजुएट पोएट्री अवार्ड मिला।

वह कोलोराडो स्प्रिंग्स की रहने वाली थीं, अपने पति के साथ एक पॉडकास्ट भी करती थीं और अपना खाली समय फिल्में देखने और आर्ट बनाने में बिताती थीं।

अधिकारियों के मुताबिक, FBI और मिनेसोटा ब्यूरो ऑफ क्रिमिनल एप्रिहेंशन इस मामले की जांच कर रहे हैं। हाउस और सीनेट के शीर्ष डेमोक्रेट नेताओं, कोलोराडो के गवर्नर और नगर परिषद के सदस्यों सहित कई जगहों से पारदर्शी जांच की मांग उठ रही है।

Donald Trump: अमेरिका में ‘कोकीन बेचने’ का आरोप लगाने वाले ट्रंप ने कोलंबियाई राष्ट्रपति को दिया व्हाइट हाउस का निमंत्रण, देखें रिपोर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।