Myanmar Earthquake: म्यांमार में मृतकों की संख्या 2,028 हुई! भूकंप की वजह से भारी तबाही, देखें- खौफनाक सैटेलाइट तस्वीरें

Myanmar Earthquake Death toll: म्यांमार की सत्तारूढ़ सैन्य सरकार ने भूकंप के बाद एक हफ्ते का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, म्यांमार में 28 मार्च को आए विनाशकारी भूकंप के कारण 2,028 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, म्यांमार सरकार की तरफ से अभी तक 1,700 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो पाई है

अपडेटेड Mar 31, 2025 पर 4:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Myanmar Earthquake: म्यांमार में आए भयंकर भूकंप से हर तरफ सिर्फ मातम पसरा हुआ है

Myanmar Earthquake: म्यांमार में पिछले हफ्ते आए विनाशकारी भूकंप के बाद मलबे से और शव निकाले जाने के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 2,000 के पार पहुंच गई है। म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के घातक भूकंप में लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है। सोमवार (31 मार्च) को बचावकर्मियों ने म्यांमार में एक होटल के खंडहर से एक महिला को निकाला। फेसबुक पर चीनी सरकार की पोस्ट के अनुसार, महिला को मांडले शहर में ग्रेट वॉल होटल के मलबे से निकाला गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़कर 2,028 से अधिक हो गई है। हालांकि, म्यांमार सरकार की तरफ से अभी 1,700 लोगों की मौत की पुष्टि हो पाई है।

सरकार के प्रवक्ता मेजर जनरल जॉ मिन तुन ने सरकारी टीवी चैनल 'एमआरटीवी' को बताया कि भूकंप के कारण 3,400 लोग घायल हुए हैं और 300 से ज्यादा लापता हैं। सेना ने पूर्व में भूकंप से 1,644 लोगों के मारे जाने की सूचना दी थी, लेकिन विस्तृत जानकारी नहीं दी थी।

तबाही की आई तस्वीरें


म्यांमार में आए भयंकर भूकंप से हर तरफ सिर्फ मातम पसरा हुआ है। हर तरफ लाशों के अंबार और उनसे बदबू उठने लगी है। म्यांमार में भूकंप से पहले और बाद की सैटेलाइट तस्वीरें तबाही का खौफनाक मंजर दिखा रही हैं। न्यूज एजेंसी AFP द्वारा जारी इस सैटेलाइट तस्वीरों में 27 मार्च, 2025 के भूकंप के बाद म्यांमार के नेपीताव में नेपीताव इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ढहा हुआ नियंत्रण टॉवर और 13 जनवरी, 2025 को उसी क्षेत्र को दिखाया गया है।

एक तस्वीर 27 मार्च, 2025 के भूकंप के बाद म्यांमार के मांडले में ढही झोपड़ियों और इमारतों (ऊपर) के साथ हुए विनाश को दर्शाता है, जिसकी तुलना उसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले 23 मार्च से की गई है। एक अन्य तस्वीर म्यांमार के मांडले के पास इरावदी नदी पर बने इनवा पुल (ऊपर) की तबाही को दिखाती है, जो 27 मार्च, 2025 को आए भूकंप के बाद मलबे में तब्दील हो गया था। इसके ठीक उलट यही पुल कुछ दिन पहले 23 मार्च को भी पूरी तरह से सुरक्षित खड़ा था।

MyanmarEarthquake_PHOTO_2

म्यांमार में शुक्रवार दोपहर 7.7 तीव्रता का भूकंप आने से राजधानी नेपीता और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले सहित कई अन्य स्थानों पर व्यापक नुकसान हुआ। 'स्प्रिंग रेवोल्यूशन म्यांमा मुस्लिम नेटवर्क' की संचालन समिति के सदस्य तुन की ने सोमवार को बताया कि जुमे की नमाज के दौरान म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के कारण, विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा कर रहे 700 से अधिक लोगों की मौत हो गई।

यह अभी स्पष्ट नहीं है कि मस्जिदों में मारे गए लोगों की यह संख्या भूकंप में अब तक मारे गए 1,700 से अधिक लोगों की आधिकारिक संख्या में शामिल है या नहीं। तुन ने बताया कि भूकंप के कारण लगभग 60 मस्जिदें क्षतिग्रस्त हो गईं या ढह गईं। भूकंप के दौरान, मांडले में 270 बौद्ध भिक्षु यू 'हला थीन मठ' में मौजूद थे। भूकंप के कारण मठ की इमारत ढह गई। सोमवार को घटनास्थल पर मौजूद बचावकर्मियों ने बताया कि 70 लोग सुरक्षित निकल पाने में कामयाब रहे। लेकिन 50 लोग मृत पाए गए तथा 150 अब भी लापता हैं।

MyanmarEarthquake_PHOTO_3

माना जा रहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में मारे गए और घायलों की वास्तविक संख्या आधिकारिक आंकड़ों से संभवत: कई गुना अधिक है। म्यांमार में अंतरराष्ट्रीय बचाव समिति के कार्यक्रमों की उप निदेशक लॉरेन एलेरी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, "इस समय, विनाश की व्यापकता के बारे में हमें सटीक जानकारी नहीं है।" विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि उसे क्षेत्र में तीन अस्पतालों के नष्ट हो जाने और 22 के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है।

ये भी पढ़ें- Bihar News: अररिया में कांग्रेस की यात्रा में भारी बवाल, 'पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा' छोड़ भागे कन्हैया कुमार

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।