'हसीना, चिप्स और जासूसी!' Nvidia CEO के अफेयर से हिली सिलिकॉन वैली, FBI जांच के बीच ट्रंप के बयान से खलबली
Nvidia CEO-Chinese Spy: क्या दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक Nvidia के सीईओ जेन्सेन हुआंग की कुर्सी खतरे में है? चीनी जासूस के साथ अफेयर और सीक्रेट चिप्स लीक होने के आरोपों ने सिलिकॉन वैली में भूचाल ला दिया है। इस खबर से Nvidia के शेयर औंधे मुंह गिर चुके हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने भी हुआंग पर बड़ा बयान दिया है। इस हाई-प्रोफाइल जासूसी के पूरे खेल की इनसाइड स्टोरी जानिए
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया कि एलिस हुआंग नाम की महिला बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थी
Nvidia CEO Jensen Huang Affair: अमेरिकी टेक जगत और सिलिकॉन वैली में इस वक्त एक बहुत बड़ा भूचाल आ गया है। दुनिया की सबसे वैल्यूएबल चिप निर्माता कंपनी Nvidia के सीईओ जेन्सेन हुआंग एक कथित चीनी जासूस के साथ अफेयर की खबरों के बाद FBI और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के रडार पर आ गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है।
ट्रंप ने कहा है कि हुआंग को एफबीआई की जांच को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है और वे इस मामले से सही-सलामत बाहर निकल आएंगे।
ट्रंप का बड़ा दावा: 'जेन्सेन हुआंग शरीफ इंसान हैं'
व्हाइट हाउस में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब इस हाई-प्रोफाइल मामले पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने एनवीडिया सीईओ के प्रति नरम रुख दिखाया।
उन्होंने कहा, 'मुझे पता है कि FBI किसी अन्य मामले के सिलसिले में इसकी जांच कर रही है, और मुझे लगता है कि वे सुरक्षित रहेंगे। मैंने आज ही उनसे फोन पर बात की थी कि वे कैसे हैं। उन्होंने मुझसे साफ कहा कि उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह महिला एक जासूस थी।'
ट्रंप ने आगे कहा कि वे जेन्सेन हुआंग को बहुत अच्छे से जानते हैं और वे एक बेहद सम्मानजनक व्यक्ति हैं। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वे अगले हफ्ते चीन में एपेक (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से इस मुद्दे पर बात करेंगे, तो उन्होंने कहा कि हो सकता है जिनपिंग खुद उनसे यह सवाल पूछें।
कौन है एलिस हुआंग?
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया कि एलिस हुआंग नाम की महिला बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रही थी। एलिस हुआंग सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड इंटरनेशनल' की पूर्व एक्जीक्यूटिव रही हैं। यह कंपनी एनवीडिया के साथ अपनी पार्टनरशिप को प्रमुखता से पेश करती थी।
एलिस की कंपनी पर पिछले साल आरोप लगा था कि वह अमेरिका द्वारा बैन की गई एनवीडिया की एडवांस्ड कंप्यूटर चिप्स को अवैध रूप से चीन भेज रही थी।
जेन्सेन हुआंग ने मांगी माफी, Nvidia ने बैठाई स्वतंत्र जांच
मामला सामने आने के बाद जेन्सेन हुआंग ने एनवीडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर एक खुला पत्र जारी कर स्वीकार किया कि उनके एक बिजनेस एक्जीक्यूटिव के साथ निजी संबंध थे। हुआंग ने बिना महिला का नाम लिए अपनी पत्नी और पूरी कंपनी से इस चूक के लिए माफी मांगी।
हुआंग ने लिखा, 'मैं जांच का पूरा समर्थन करता हूं और सहयोग करूंगा। मैं अपने देश और कंपनी से प्यार करता हूं और एनवीडिया की सुरक्षा व अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हूं।'
एनवीडिया ने रविवार को घोषणा की कि वह उन रिपोर्टों की स्वतंत्र जांच करा रही है, जिनमें कहा गया है कि हुआंग विदेशी खुफिया एजेंसियों के निशाने पर थे।
चीन का पलटवार: 'यह हमें बदनाम करने की साजिश'
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को इस पूरे मामले को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, 'तथाकथित चीनी जासूस का आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है। यह चीन को बदनाम करने की साजिश के अलावा और कुछ नहीं है। जब भी चीन और अमेरिका के रिश्ते सुधरने लगते हैं, तब कुछ ताकतें पीछे से गोलियां चलाने लगती हैं।'
बाजार पर असर और राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताएं
जैसे ही इस अफेयर और जासूसी की खबर फैली, सोमवार को प्री-मार्केट ट्रेडिंग में Nvidia के शेयर 5 प्रतिशत तक टूट गए। विश्लेषकों और सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जेन्सेन हुआंग के इस रिश्ते के कारण एनवीडिया की अत्याधुनिक एआई चिप्स की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा डेटा लीक हुआ है या नहीं। हाल के सालों में हुआंग ने अमेरिकी सरकार से चीन को H200 और H20 जैसी एडवांस्ड चिप्स बेचने की अनुमति मांगी थी।