पाकिस्तान में भारत के खिलाफ लश्कर-ए-तैयबा तैयार कर रहा सीक्रेट 'वॉटर फोर्स', आतंकी ट्रेनिंग का वीडियो वायरल

Lashkar-E-Taiba: वायरल वीडियो में हारिस डार ट्रेनिंग ले रहे युवाओं से उनके कौशल के बारे में पूछताछ कर रहा है। आतंकियों को स्कूबा डाइविंग, प्रोफेशनल स्विमिंग, हाई-स्पीड बोट हैंडलिंग और रेस्क्यू ड्रिल की ट्रेनिंग दी जा रही है। वीडियो में एक अन्य आतंकी नेता गर्व से कह रहा है कि 135 लोगों को नाव चलाने और पानी में ऑपरेशन करने की विशेष ट्रेनिंग दी गई है

अपडेटेड Jan 20, 2026 पर 12:52 PM
Story continues below Advertisement
वीडियो में आतंकी नेता पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) का जिक्र कर रहे है जिससे हाफिज सईद जुड़ा हुआ है

Pakistan: पाकिस्तान में आतंकी समूहों को मिलने वाले सरकारी संरक्षण की पोल एक बार फिर खुल गई है। सोशल मीडिया पर लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आतंकी संगठन के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल हारिस डार को युवाओं की एक नई 'वॉटर फोर्स' का निरीक्षण करते देखा जा सकता है। यह वीडियो इस बात का पुख्ता सबूत है कि पाकिस्तान अपनी धरती पर भारत के खिलाफ समुद्री और पानी के रास्तों से हमलों की तैयारी कर रहा है।

वीडियो में क्या है?

OSINT TV द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में हारिस डार ट्रेनिंग ले रहे युवाओं से उनके कौशल के बारे में पूछताछ कर रहा है। आतंकियों को स्कूबा डाइविंग, प्रोफेशनल स्विमिंग, हाई-स्पीड बोट हैंडलिंग और रेस्क्यू ड्रिल की ट्रेनिंग दी जा रही है। वीडियो में एक अन्य आतंकी नेता गर्व से कह रहा है कि 135 लोगों को नाव चलाने और पानी में ऑपरेशन करने की विशेष ट्रेनिंग दी गई है। पूछताछ के दौरान डार युवाओं से उनके मार्शल आर्ट्स और आत्मरक्षा के हुनर के बारे में भी जानकारी ले रहा है।


PMML और लश्कर का 'पॉलिटिकल' कनेक्शन

वीडियो में आतंकी नेता पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) का जिक्र कर रहे हैं। गौरतलब है कि PMML 2008 के मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के संगठन लश्कर-ए-तैयबा का ही एक राजनीतिक मुखौटा है। वे इस बात का भी मजाक उड़ा रहे हैं कि भारतीय मीडिया उनकी बहावलपुर में चल रही मोटरबोट ट्रेनिंग की खबरें दिखा रहा है, जो उनके दुस्साहस को दर्शाता है।

ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने दिया था करारा जवाब

यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान खुद को आतंकवाद का पीड़ित बताने का ढोंग करता रहा है। हालांकि, भारत ने अब अपनी नीति बदल ली है। मई 2025 में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। भारत ने बहावलपुर में मसूद अजहर के जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के मुख्यालय को भी निशाना बनाया था, जहां अब लश्कर अपनी 'वॉटर फोर्स' तैयार करने का दावा कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।