पाकिस्तान की सियासत का बड़ा चेहरा मौलाना फजलुर रहमान ने पाक के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को आईना दिखाया है। जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (जेयूआई-एफ) का चीफ मौलाना फजलुर रहमान ने पाकिस्तानी सरकार और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के दोगले रवैये की पोल खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा है कि जब आप अपने दुश्मनों के ठिकानों पर हमला करके उसे सही ठहरा सकते हैं, तो जब हिंदुस्तान ने अपने लोगों पर हमला करने वालों के ठिकानों को तबाह किया तो वो गलत कैसे हो गया।
पाकिस्तानी मौलाना ने मुनीर पर दागे सवाल
मौलाना फजलुर रहमान ने आसिम मुनीर के नेतृत्व वाली पाकिस्तानी सेना की अफगानिस्तान में की गई कार्रवाइयों की आलोचना की, जिनमें आम नागरिकों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अफगानिस्तान में हमलों को सही नहीं ठहरा सकता, जबकि वह भारत द्वारा आतंकी ढांचे के खिलाफ किए गए सीमा पार ऑपरेशनों पर आपत्ति जताता है। मौलाना फजलुर रहमान ने तर्क दिया कि अगर पाकिस्तान यह कह सकता है कि उसने अफगानिस्तान में दुश्मनों पर हमला किया, तो भारत भी यह कह सकता है कि उसने बहावलपुर, मुरीदके और कश्मीर में हमलों के लिए जिम्मेदार समूहों के ठिकानों को निशाना बनाया।
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र
मौलाना फजलुर रहमान की बातों में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र था, जो 7 मई को भारत ने तड़के किया गया एक मिसाइल हमला था। इस कार्रवाई में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का ठिकाना और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का बेस शामिल था। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें लश्कर से जुड़े आतंकियों ने 26 आम लोगों की हत्या कर दी थी।
2021 में तालिबान के काबुल में दोबारा सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान अधिकारी आतंकवादियों को पनाह दे रहे हैं, हालांकि अफगानिस्तान इन आरोपों को खारिज करता है। भारत ने भी हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई की आलोचना की है। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सीमा पर हुई झड़पों में कई अफगान नागरिकों की मौत की खबरें सामने आई हैं और भारत ऐसे निर्दोष लोगों पर हुए हमलों की निंदा करता है। वहीं, मौलाना फजलुर रहमान लंबे समय से पाकिस्तान की अफगानिस्तान नीति की आलोचना करते रहे हैं और पहले भी तनाव के दौर में दोनों देशों के बीच बातचीत कराने की पेशकश कर चुके हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।