पाकिस्तान में गृहयुद्ध जैसे हालात! सिंध को दो टुकड़ों में बांटने की साजिश पर भड़का गुस्सा, सेना के खिलाफ उतरे हजारों लोग

Sindh Division Protest in Pakistan: पाकिस्तान में एक बार फिर गृहयुद्ध जैसे हालात बनते दिख रहे हैं। सिंध प्रांत के बंटवारे की खबरों के बीच कराची समेत पूरे प्रांत में हजारों प्रदर्शनकारी और राष्ट्रवादी नेता सड़कों पर उतर आए हैं। 'सिंध बंटवारे के लिए नहीं है' और 'एक इंच भी सिंध नहीं' जैसे नारों के साथ प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सेना और शहबाज सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 11:01 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्रस्तावों के तहत, सिंध को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। पहला कराची पर केंद्रित एक शहरी प्रांत और दूसरा आंतरिक सिंध को कवर करने वाला एक ग्रामीण प्रांत

Pakistan Sindh Protest: पाकिस्तान के सिंध प्रांत में प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव और नए प्रांत बनाने की कथित योजनाओं के खिलाफ भारी जनआक्रोश फूट पड़ा है। कराची सहित प्रांत के कई हिस्सों में हजारों प्रदर्शनकारियों और सिंधी राष्ट्रवादी नेताओं ने विशाल रैलियां निकालकर पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान और प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है।

सिंधी राष्ट्रवादी दलों और राजनीतिक समूहों के एक संयुक्त मोर्चे के बैनर तले जुटे प्रदर्शनकारियों ने 'एक इंच भी सिंध नहीं' और 'सिंध बंटवारे के लिए नहीं है' जैसे नारे लगाए। उनका आरोप है कि प्रांत की ऐतिहासिक सीमाओं को फिर से तय करने का यह पूरा एजेंडा सैन्य प्रतिष्ठान के इशारे पर चलाया जा रहा है।

पाकिस्तानी सेना को सीधी चेतावनी और विपक्षी एकता


रैलियों को संबोधित करते हुए सिंधी राष्ट्रवादी नेताओं ने सीधे तौर पर पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान पर आरोप लगाया कि वह नई प्रशासनिक इकाइयों के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए राजनीतिक दबाव बना रहा है। वक्ताओं ने इस्लामाबाद और सुरक्षा अधिकारियों को सिंध की ऐतिहासिक सीमाओं से किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि अगर प्रांत को विभाजित करने की कोई भी कोशिश आगे बढ़ी, तो इसके खिलाफ व्यापक और निरंतर प्रतिरोध किया जाएगा।

इन प्रदर्शनों की सबसे खास बात सिंध के राष्ट्रवादी आंदोलन के विभिन्न गुटों के बीच दिखी दुर्लभ एकजुटता है। सभी गुटों ने अपने आपसी मतभेद भुलाकर इस कथित पुनर्गठन के खिलाफ हाथ मिला लिया है। नेताओं का कहना है कि प्रदर्शनों को दबाने के लिए सरकारी दबाव के बावजूद पूरे प्रांत में इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक न तो पाकिस्तान की संघीय सरकार और न ही सेना की मीडिया विंग (ISPR) की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया आई है।

क्या है सिंध और पाकिस्तान के बंटवारे का कथित प्लान?

पाकिस्तान के चार मौजूदा प्रांतों को तोड़कर 12 से 15 छोटी प्रशासनिक इकाइयां बनाने के एक व्यापक, लेकिन अपुष्ट प्रस्ताव पर चर्चा तेज है। इस कथित पुनर्गठन मॉडल के तहत सिंध को शहरी और ग्रामीण आधार पर दो अलग-अलग प्रांतों में बांटने का प्रस्ताव है।

वैसे इस्लामाबाद की ओर से अभी तक कोई औपचारिक विधेयक या आधिकारिक नक्शा जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस बहस ने पाकिस्तान में बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है।

संघीय मंत्रियों जिनमें गृह मंत्री मोहसिन नकवी, योजना मंत्री अहसन इकबाल और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ शामिल हैं उनके रिपोर्टों और बयानों से एक ऐसे पुनर्गठन मॉडल की रूपरेखा सामने आई है, जिसके तहत पंजाब को चार प्रांतों में, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान को तीन-तीन प्रांतों में, और सिंध को दो प्रांतों में विभाजित किया जाएगा।

कराची को अलग करने की मांग और सियासी घमासान

प्रसारित हो रहे प्रस्तावों के तहत, सिंध को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। पहला कराची पर केंद्रित एक शहरी प्रांत (या इसे संघीय प्रशासन के अधीन रखना) और दूसरा आंतरिक सिंध को कवर करने वाला एक ग्रामीण प्रांत। सिंध की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (MQM-P) ने सार्वजनिक रूप से कराची को एक अलग प्रांतीय या प्रशासनिक इकाई बनाने का समर्थन किया है।

इस योजना के समर्थकों का तर्क है कि पाकिस्तान की 24 करोड़ से अधिक की आबादी अब चार बड़े प्रांतों की क्षमता से बाहर हो चुकी है, और छोटी इकाइयां बनने से शासन और सार्वजनिक सेवाओं की डिलीवरी में सुधार होगा। इसके विपरीत, आलोचकों और सिंधी राष्ट्रवादियों का आरोप है कि इस योजना के पीछे सैन्य प्रतिष्ठान का हाथ है, जिसका असली मकसद क्षेत्रीय राजनीतिक शक्तियों विशेष रूप से पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) को कमजोर करना और सत्ता का केंद्रीकरण करना है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।