India-Pakistan Conflict: 'पाकिस्तान अब कोलकाता पर हमला करेगा...'; पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की नई गीदड़ भभकी

India-Pakistan conflict: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार (4 अप्रैल) को चेतावनी दी कि इस्लामाबाद भारत की किसी भी दुस्साहस का जवाब ऐसी जवाबी कार्रवाई से देगा जो कोलकाता तक पहुंचेगी। बता दें कि पिछले साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच चार दिनों तक संघर्ष चला था

अपडेटेड Apr 05, 2026 पर 9:52 AM
Story continues below Advertisement
India-Pakistan conflict: पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर भारत को गीदड़ भभकी दी है

India-Pakistan conflict: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर भारत को गीदड़ भभकी दी है। ख्वाजा आसिफ ने शनिवार (4 अप्रैल) को भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुस्साहस की कोशिश का जवाब कोलकाता में हमले से दिया जाएगा। आसिफ ने लाहौर से लगभग 130 किलोमीटर दूर अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहरा कर कोई (सैन्य) ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।"

आसिफ ने यह भी दावा किया, "ऐसी खबरें हैं कि उनके (भारत) अपने लोगों या पाकिस्तानियों के माध्यम से एक झूठ भरे अभियान की योजना बनाई गई। इसमें कुछ शवों को कहीं डाल कर यह कहा गया कि वे आतंकवादी थे और उन्होंने ऐसा-ऐसा किया है।"

हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया। इससे पहले गुरुवार को आसिफ ने कहा था कि किसी भी हमले पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया त्वरित, सुनियोजित और निर्णायक होगी। आसिफ भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणियों का जवाब दे रहे थे।


राजनाथ सिंह ने हाल ही में कहा था कि मौजूदा स्थिति में भारत के पड़ोसी देश की ओर से कोई भी दुस्साहस अभूतपूर्व और निर्णायक कार्रवाई को आमंत्रित करेगा। पिछले साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के परिणामस्वरूप दोनों देशों के बीच चार दिनों तक संघर्ष चला था।

राजनाथ सिंह ने क्या कहा?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह की दुस्साहसिक हरकत का जवाब अभूतपूर्व और निर्णायक कार्रवाई से दिया जाएगा। चुनावी राज्य केरल में सैनिक सम्मान सम्मेलन में सिंह ने कहा कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद, भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था।

उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान को 22 मिनट के भीतर घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। सिंह ने कहा कि यह आतंकवाद के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान था।

सिंह ने कहा, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। अगर पाकिस्तान ने दोबारा ऐसी घिनौनी हरकतें कीं, तो हमारी सेना उन्हें ऐसा मुंहतोड़ जवाब देगी, जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे। इस बार जो होगा वह अभूतपूर्व होगा।"

ये भी पढ़ें- Raghav Chadha vs AAP: 'कमल' पर सवार होंगे राघव चड्ढा? सभी एंटी BJP X पोस्ट डिलीट, प्रियंका चोपड़ा ने किया सपोर्ट

सिंह ने कहा कि मौजूदा हालात में हमारा पड़ोसी (पाकिस्तान) कोई भी दुस्साहस कर सकता है।  उन्होंने कहा, "अगर वह ऐसा करता है, तो जैसा मैंने आपको बताया, भारत की कार्रवाई अभूतपूर्व और निर्णायक होगी।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।