Indonesia Ship Fire: इंडोनेशिया के तट पर एक भयंकर हादसा हो गया। KM Barcelona VA नाम के एक यात्री जहाज में भीषण आग लगने से समुद्र के बीचों बीच हड़कंप मच गया। स्थानीय समय के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे 300 से ज्यादा यात्रियों को लेकर जा रहे इस जहाज में आग लग गई। जान बचाने के लिए कई लोगों ने समुद्र में छलांग लगा दी। इस हादसे में अब तक 18 लोगों के घायल होने और दर्जनों के फंसे होने की आशंका है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
बच्चों के साथ यात्रियों ने लगा दी समुद्र में छलांग
वायरल हुए एक वीडियो में दहशत में आए यात्रियों को आग की लपटों से बचने के लिए समुद्र में कूदते हुए देखा जा सकता है, जिनमें से कुछ यात्री अपने बच्चों के साथ छलांग लगा रहे हैं। दिल दहला देने वाले वीडियो में यह दिखता है कि जैसे-जैसे आग जहाज में फैल रही थी, कई यात्री ऑरेंज रंग के लाइफ जैकेट पहने हुए पानी में कूद रहे थे। एक अलग वीडियो में जहाज के डेक पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जहां स्टाफ यात्रियों को लाइफ वेस्ट बांधने में मदद कर कर रहे थे।
कई जहाज के साथ मछुआरों ने संभाला मोर्चा
आपातकालीन टीमें सभी यात्रियों का पता लगाने के लिए राहत और बचाव कार्य अभियान जारी किए हुए है। टीमें सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटी हुई है। टीमें कई बोट्स की मदद से आग को बुझाने में कामयाब रही। नीले और सफेद रंग का यह जहाज आग की लपटों में पूरी तरह से जलकर काला पड़ गया था। आग ने जहाज को अंदर से बाहर तक पूरी तरह से नष्ट कर दिया। वीडियो में बचाए गए कुछ लोगों को नष्ट हुए जहाज को देखते हुए देखा गया।
एक मनाडो KSOP अधिकारी ने बताया कि, 'KM Barcelona III, KM Venecian, और KM Cantika Lestari 9F' नामक तीन जहाजों को जीवित बचे लोगों को निकालने में मदद करने के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है। मनाडो सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस ने बताया कि जितनी संभव हो सके उतने यात्रियों को बचाने में मदद के लिए मछली पकड़ने वाली नावें और स्थानीय निवासी भी आग से जलती हुई नौका को घेरे हुए थे।