Putin 73rd Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (7 अक्टूबर) को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उनके 73वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। फोन पर हुई बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने भारत-रूस संबंधों को और प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता जताई। पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को बताया कि वह 23वेंभारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत में उनका स्वागत करने को उत्सुक हैं। पुतिन प्रधानमंत्री मोदी के साथ वार्षिक शिखर वार्ता के लिए दिसंबर में भारत आएंगे, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
रूसी राष्ट्रपति ने आखिरी बार 2021 में नई दिल्ली का दौरा किया था। भारत और रूस के बीच एक व्यवस्था है जिसके तहत भारतीय प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा के लिए हर साल एक शिखर सम्मलेन आयोजित करते हैं। अब तक भारत और रूस में बारी-बारी से 22 वार्षिक शिखर वार्ता हो चुके हैं। पिछले साल जुलाई में प्रधानमंत्री मोदी वार्षिक शिखर वार्ता के लिए मॉस्को गए थे।
इस समिट से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बातचीत की और उन्हें उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनके सभी प्रयासों में सफलता की कामना की।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की समीक्षा की और भारत और रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
पुतिन ने की पीएम मोदी की तारीफ
व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में भारत द्वारा भारी मात्रा में रूसी कच्चे तेल का आयात किए जाने के कारण पैदा हुए व्यापार असंतुलन को कम करने के लिए नई दिल्ली से अधिक कृषि उत्पाद और दवाइयां खरीदने सहित विभिन्न उपाय करने के आदेश दिए थे। पुतिन ने पिछले हफ्ते वल्दाई पूर्ण सत्र में यह भी कहा कि वह दिसंबर की शुरुआत में होने वाली भारत की अपनी यात्रा और मेरे मित्र एवं हमारे विश्वसनीय साथी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं।
उन्होंने भारत की राष्ट्रवादी सरकार की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को एक संतुलित, बुद्धिमान और राष्ट्र हितैषी नेता बताया। पुतिन ने कहा कि वह उनके साथ भरोसेमंद बातचीत में सहज महसूस करते हैं। रूस के प्रमुख साझेदारों पर टैरिफ और प्रतिबंध लगाने की अमेरिकी धमकी के बारे में सवाल किए जाने पर पुतिन ने कहा कि भारतीय लोग यह बर्दाश्त नहीं करेंगे कि उनके देश को उनके राष्ट्रीय हितों एवं प्राथमिकताओं के विपरीत कोई निर्णय लेने के लिए मजबूर किया जाए।
पुतिन ने रूसी तेल खरीदने के कारण अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ का उल्लेख करते हुए यह बात की। अमेरिका द्वारा भारत पर लगाया गया कुल टैरिफ 50 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि व्यापार असंतुलन को दूर करने के लिए रूस भारत से अधिक कृषि उत्पाद और दवाइयां खरीद सकता है।
उन्होंने रूस और भारत के बीच आर्थिक सहयोग की अपार संभावनाओं का उल्लेख किया। लेकिन इन अवसरों को पूरी तरह से भुनाने के लिए कुछ विशिष्ट मुद्दों को हल करने की आवश्यकता को भी स्वीकार किया। उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि रूस और भारत के बीच व्यापार लगभग 63 अरब अमेरिकी डॉलर का है। जबकि बेलारूस के साथ यह 50 अरब अमेरिकी डॉलर है।
पुतिन ने इस बात का भी जिक्र किया कि रूस और भारत के बीच विशेष रणनीतिक विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी की घोषणा को जल्द ही 15 साल हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक संबंधों को लेकर रूस और भारत लगभग हमेशा अपने कार्यों के बीच समन्वय करते हैं।