Rahul Gandhi Visit Germany: 'भारत की मैन्युफैक्चरिंग घट रही है'; जर्मनी में BMW प्लांट के दौरे के बाद बोले राहुल गांधी

Rahul Gandhi Visit Germany: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार (17 दिसंबर) को जर्मनी के म्यूनिख में ऑटोमोबाइल कंपनी BMW के हेडक्वार्टर का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि भारत में मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट आ रही है। गांधी ने कहा कि इस सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए देश को बेहतर इकोसिस्टम की जरूरत है

अपडेटेड Dec 17, 2025 पर 3:40 PM
Rahul Gandhi Visit Germany: राहुल गांधी ने बुधवार को जर्मनी दौरे के दौरान म्यूनिख में BMW फैक्ट्री का दौरा किया

Rahul Gandhi Visit BMW plant in Germany: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पांच दिन के जर्मनी दौरे पर हैं। कांग्रेस सांसद ने बुधवार (17 दिसंबर) को म्यूनिख में दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी BMW मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का दौरा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें विदेशी धरती पर भारतीय इंजीनियरिंग देखकर गर्व हुआ। साथ ही कहा कि भारत के घटते मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को ऊपर उठना चाहिए।

उन्होंने भारत की TVS मोटर कंपनी के साथ पार्टनरशिप में बनाई गई एक मोटरसाइकिल का निरीक्षण किया। इस दौरान फैसिलिटी में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत को प्रोडक्शन शुरू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल स्टैंडर्ड्स की तुलना में हमारा मैन्युफैक्चरिंग घट रहा है।

राहुल गांधी ने कहा, "जर्मनी के म्यूनिख में BMW वेल्ट और BMW प्लांट के गाइडेड टूर के साथ BMW की दुनिया का अनुभव करने का मौका मिला। विश्व स्तरीय मैन्युफैक्चरिंग को करीब से देखने का एक अविश्वसनीय अनुभव। एक खास बात TVS की 450cc मोटरसाइकिल देखना था, जिसे BMW के साथ पार्टनरशिप में डेवलप किया गया है। भारतीय इंजीनियरिंग को डिस्प्ले पर देखकर गर्व हुआ।"

'टाइम्स ऑफ इंडिया' के मुताबिक कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "मैन्युफैक्चरिंग मजबूत अर्थव्यवस्थाओं की रीढ़ होती है। दुख की बात है कि भारत में मैन्युफैक्चरिंग कम हो रही है। ग्रोथ को तेज करने के लिए, हमें अधिक प्रोडक्शन करने की जरूरत है। मीनिंगफुल मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम बनाने होंगे। बड़े पैमाने पर अच्छी क्वालिटी की नौकरियां पैदा करनी होंगी।"

राहुल ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "भारत की मैन्युफैक्चरिंग कम हो रही है, जबकि इसे बढ़ना चाहिए। भारत को प्रोडक्शन शुरू करने की जरूरत है। प्रोडक्शन किसी भी देश की सफलता की कुंजी है। लेकिन हमारी मैन्युफैक्चरिंग कम हो रही है, जबकि इसे बढ़ना चाहिए।" राहुल बर्लिन में 17 दिसंबर को एक बड़े इंडियन ओवरसीज कांग्रेस इवेंट में शामिल होंगे। इस दौरान पूरे यूरोप से IOC नेताओं से मिलेंगे।


राहुल गांधी का जर्मनी दौरा संसद के शीतकालीन सत्र के बीच हुआ है। बीजेपी ने इस पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। भगवा पार्टी ने गांधी को 'गैर-गंभीर राजनेता' कहा है। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए उसी समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच दिन के विदेश दौरे की ओर इशारा किया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने काम के आधे समय विदेश में बिताया।

'डुओपॉली भारत के लिए अभिशाप'

इस बीच, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छोटे आईसक्रीम उत्पादकों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए बुधवार को दावा किया कि मोदी सरकार में हर क्षेत्र में एकाधिकार या डुओपॉली (सिर्फ दो समूहों का एकाधिकार) को बढ़ावा दिया जा रहा है जो भारत के लिए अभिशाप है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSMEs) के हाथों में भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूत पकड़ देनी होगी।

उन्होंने अपने व्हाट्सऐप चैनल पर पोस्ट किया, "एकाधिकार या डुओपॉली (सिर्फ दो समूहों का एकाधिकार) भारत के लिए अभिशाप है। मोदी सरकार हर क्षेत्र, हर उद्योग में यही करती आ रही है" कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "जनसंसद (समाज के समूहों से मुलाकात) के दौरान छोटे और मध्यम आइसक्रीम उत्पादकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात हुई। उनसे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनने पर साफ़ हुआ कि सरकार अपने पसंदीदा उद्योगपतियों के लिए छोटे व्यापारों को तबाह करने पर आमादा है"

राहुल गांधी का कहना था कि छोटे आइसक्रीम उत्पादकों के खरीदार भारत के गरीब और निम्न मध्य वर्ग के लोग हैं। देशभर में ऐसे हजारों छोटे आइसक्रीम निर्माता हैं, जो लाखों लोगों को रोजगार देते हैं। उन्होंने कहा, "ऐसे छोटे व्यवसायों के लिए जीएसटी इतना जटिल है कि उसका बोझ उठाना उनके लिए मुश्किल हो जाता है। इसी कारण छोटे कारोबारों के लिए एक विशेष योजना बनाई गई थी, लेकिन BJP सरकार ने जानबूझकर आइसक्रीम को इस योजना से बाहर कर दिया। इसके साथ ही बीजेपी शासित राज्यों और नगर निगमों ने फीस में तेज बढ़ोतरी कर दी"

ये भी पढ़ें- Delhi AQI: बेरोजगार मजदूरों को ₹10,000 का मुआवजा देगी दिल्ली सरकार, इन वर्कर्स को नहीं मिलेगा लाभ

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।