South Africa Shooting: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के बेकर्सडल इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। हमलावरों ने एक शराबखाने के पास अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस महीने देश में बड़े पैमाने पर गोलीबारी की यह दूसरी बड़ी घटना है।
सड़कों पर चलते लोगों को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, यह हमला जोहान्सबर्ग से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित बेकर्सडल टाउनशिप में हुआ। हमलावरों की बेरहमी का आलम यह था कि उन्होंने सड़क पर चल रहे लोगों को भी नहीं बख्शा। पुलिस बयान के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने सड़कों पर लोगों को अंधाधुंध निशाना बनाया। मरने वालों में कौन-कौन शामिल है, इसकी पहचान अभी की जा रही है। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक है।
अवैध शराबखाने के पास हुई वारदात
शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गोलीबारी एक ऐसे स्थान के पास हुई जहां कथित तौर पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। यह इलाका दक्षिण अफ्रीका की बड़ी सोने की खदानों के करीब स्थित एक गरीब बस्ती है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है।
गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरीदिली ने पुष्टि की है कि जांच टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
एक महीने में हुई दो बड़ी गोलीबारी की घटना
यह घटना 6 दिसंबर को प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी के ठीक बाद हुई है, जिसमें एक 3 साल के बच्चे समेत 12 लोगों की जान चली गई थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका में हत्या की दर दुनिया में सबसे अधिक है। देश लगातार हिंसक अपराधों और अवैध हथियारों की समस्या से जूझ रहा है। इस ताजा हमले ने वहां की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।