Taiwan Earthquake: भूकंप के जोरदार झटकों से दहला ताइवान, तीन दिनों में दूसरी बार आया कांपी धरती

Taiwan Earthquake : फिलहाल भूकंप से किसी के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। द्वीप के मौसम विभाग ने बताया कि यह नया भूकंप बुधवार को ताइवान के दक्षिण-पूर्वी तटीय काउंटी ताइतुंग में आए 6.1 तीव्रता के भूकंप के ठीक तीन दिन बाद दर्ज किया गया है

अपडेटेड Dec 27, 2025 पर 10:00 PM
Story continues below Advertisement
Earthquake: ताइवान में एक बार फिर धरती कांप उठी और लोग दहशत में आ गए।

Taiwan Earthquake : ताइवान में एक बार फिर धरती कांप उठी और लोग दहशत में आ गए। शनिवार (27 दिसंबर, 2025) को उत्तर-पूर्वी तटीय शहर यिलान में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर 7 तीव्रता के इस भूकंप ने ऊंची इमारतों को हिला दिया। ताइवान की सेंट्रल मौसम एजेंसी के अनुसार, शनिवार रात ताइवान के उत्तर-पूर्वी तटीय शहर यिलान में भूकंप आया।

सामने आई ये बड़ी जानकारी 

भूकंप का केंद्र यिलान काउंटी हॉल से लगभग 32 किलोमीटर पूर्व में था। भूकंप का केंद्र 24.69 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 122.08 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई करीब 72.8 किलोमीटर बताई गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, ताइवान की नेशनल फायर एजेंसी ने कहा है कि भूकंप से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


तीन दिन पहले भी आया भूकंप 

नेशनल फायर एजेंसी ने बताया कि ताइवान में फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं आई है। द्वीप के मौसम विभाग ने बताया कि यह नया भूकंप बुधवार को ताइवान के दक्षिण-पूर्वी तटीय काउंटी ताइतुंग में आए 6.1 तीव्रता के भूकंप के ठीक तीन दिन बाद दर्ज किया गया है। उस भूकंप के झटके ताइपे तक महसूस किए गए थे, जहां इमारतें हिल गई थीं। उस समय भूकंप की गहराई करीब 11.9 किलोमीटर बताई गई थी।

इस ताजा भूकंप के झटके ताइवान के कई हिस्सों में महसूस किए गए, जिनमें काऊशुंग भी शामिल है। भूकंप के केंद्र के पास झटके ज्यादा तेज थे। झटकों के कारण दक्षिण-पूर्वी काउंटी के एक सुपरमार्केट में शेल्फ पर रखा सामान नीचे गिर गया।

ताइवान दो टेक्टोनिक प्लेटों के मिलन क्षेत्र के पास स्थित है, इसलिए यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। अप्रैल 2024 में 7.4 तीव्रता के एक बड़े भूकंप में कम से कम 17 लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले 2016 में दक्षिणी ताइवान में आए भूकंप में 100 से ज्यादा लोगों की जान गई थी, जबकि 1999 में 7.3 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में 2,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।