Tarique Rahman: तारिक रहमान आज बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री की लेंगे शपथ, भारत की तरफ से ओम बिरला होंगे समारोह में शामिल

Tarique Rahman take oath: भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला 17 फरवरी को बांग्लादेश में प्रधानमंत्री पद के लिए तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के भी बिरला के साथ जाने की संभावना है

अपडेटेड Feb 17, 2026 पर 8:53 AM
Story continues below Advertisement
Tarique Rahman take oath: तारिक रहमान बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में मंगलवार (17 फरवरी) को पद की शपथ लेंगे

Tarique Rahman take oath: बांग्लादेश में आम चुनावों में अपनी पार्टी BNP को शानदार जीत दिलाने के बाद तारिक रहमान पड़ोसी देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में मंगलवार (17 फरवरी) को पद की शपथ लेंगे। रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने 297 में से 209 सीट जीती। जबकि कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 13वें संसदीय चुनाव में 68 सीट हासिल की हैं। भारत में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था। रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा स्पीकर ओम बिरला करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह के भी बिरला के साथ उपस्थित रहने की संभावना है। लंबे समय से चली आ रही एक परंपरा को तोड़ते हुए बीएनपी अध्यक्ष 60 वर्षीय तारिक रहमान का शपथ ग्रहण समारोह बंगभवन के बजाय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा।

सरकारी समाचार एजेंसी 'बीएसएस' ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन मंगलवार दोपहर को जातीय संसद (देश का संसद) के साउथ प्लाजा में नये मंत्रिमंडल सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। जातीय संसद सचिवालय की सचिव कनीज मौला ने कहा, "संसद सचिवालय में 17 फरवरी को शाम चार बजे नए मंत्रिमंडल सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।"


इससे पहले, मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन संसद के सभी नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। जेएस सचिवालय की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 13वीं जातीय संसद (जेएस) के सभी 297 नव निर्वाचित सांसद "पहले संसद सदस्य (एमपी) के रूप में और फिर संवैधानिक सुधार परिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।"

ओम बिरला होंगे समारोह में शामिल

विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला 17 फरवरी को बांग्लादेश में प्रधानमंत्री पद के लिए तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मामले से अवगत लोगों ने पीटीआई को बताया कि विदेश सचिव विक्रम मिसरी और लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह के भी बिरला के साथ जाने की संभावना है।

ऐसी जानकारी है कि बांग्लादेश ने ढाका में आयोजित होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया था। पीएम मोदी हालांकि इसमें शामिल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि उन्हें 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता करनी है।

मंत्रालय ने कहा कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भारत सरकार की ओर से तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "इस महत्वपूर्ण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष का शामिल होना भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी मित्रता को दर्शाता है, और हमारे दोनों देशों के जुड़ाव वाले लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत के दृढ़ संकल्प की पुष्टि करता है।"

ये भी पढ़ें- Macron India Visit: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुंबई पहुंचे! आज पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, AI इम्पेक्ट समिट में भी होंगे शामिल

बयान में कहा गया है, "साझा इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान से जुड़े पड़ोसी देशों के रूप में, भारत तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में बनने वाली निर्वाचित सरकार के गठन का स्वागत करता है, जिनकी दूरदृष्टि और मूल्यों को जनता का भारी जनसमर्थन प्राप्त हुआ है।" रहमान की अगुवाई में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में ऐतिहासिक जीत मिली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।