Israel-Hamas Conflict: गाजा में युद्धविराम के टूटने के कगार पर पहुंचने के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को दो टूक चेतावनी दी है। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि इजराइल के पास किसी भी उल्लंघन का जवाब देने का पूरा अधिकार है, और अगर हमास 'ठीक से पेश नहीं आया, तो उसे मिटा दिया जाएगा'। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि अगर हमास युद्धविराम समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को तोड़ता है, तो इजराइल द्वारा सैन्य कार्रवाई करना उचित है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका सीधे हस्तक्षेप के लिए सैनिक तैनात नहीं करेगा, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका इजराइल और सहयोगी देशों का पूरा समर्थन करता है, जो तुरंत कार्रवाई करेंगे। ट्रंप ने कहा कि हमास को युद्धविराम का पालन करना चाहिए और अगर वे ऐसा नहीं करते है, तो उन्हें मिटा दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवादी समूह ने बड़ा बाहरी समर्थन खो दिया है।
गाजा में इजराइली हमलों में 30 की मौत
इजराइली सेना ने हमास पर अमेरिकी मध्यस्थता वाले युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाने के बाद मंगलवार को गाजा में हवाई हमले किए। हमास के तहत काम करने वाली गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि हमलों में गाजा के कई हिस्सों को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 30 लोगों के मारे जाने की आशंका है। ट्रंप ने कहा, 'उन्होंने एक इजराइली सैनिक को मार डाला। इसलिए इजराइलियों ने पलटवार किया। और उन्हें पलटवार करना चाहिए।'
बंधकों के शवों को लेकर विवाद
युद्धविराम भंग होने का मुख्य कारण मृत बंधकों के अवशेष लौटाने को लेकर चल रहा विवाद है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि हमास ने सोमवार को बंधक के जो आंशिक अवशेष सौंपे, वे पहले से ही बरामद हो चुके थे, और यह समझौते का उल्लंघन है। फिलिस्तीनी इस्लामी समूह का कहना है कि युद्ध से तबाह हुए गाजा में अवशेषों का पता लगाने में समय लगेगा, और उसने इजराइल पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए एक अन्य बंधक का शव सौंपने की योजना को स्थगित कर दिया।
आपको बता दें कि हमास ने अक्टूबर 7, 2023 के हमले के दौरान 251 लोगों को बंधक बना लिया था। अब बचे हुए मृत बंधकों के अवशेषों को लेकर चल रहा यह विवाद युद्धविराम के टूटने का सबसे बड़ा खतरा बन गया है।