रूस-यूक्रेन के बीच लड़ाई और मिडिल ईस्ट में इजरायल-हमास के बीच टकराव का फायदा अमेरिकी डिफेंस इक्विपमेंट कंपनियों को होता दिख रहा है। हथियार बनाने वाली लॉकहीड मार्टिन और आरटीएक्स ने इस साल की बाकी अवधि में अच्छे प्रॉफिट का अनुमान जताया है। माना जा रहा है कि इसमें रूस-यूक्रेन की लड़ाई और मध्यपूर्व में टकराव की वजह से हथियारों की ज्यादा मांग का हाथ है।
हथियार बनाने वाली कंपनियों को मिले बड़े ऑर्डर्स
Lockheed Martin और RTX को मिसाइल और एयर डिफेंस इक्विपमेंट सहित कई हथियारों के बड़े ऑर्डर मिले। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय से लॉकहीड को 12.5 अरब डॉलर का ऑर्डर मिला। यह 296 एफ-35 फाइटर प्लेन की सप्लाई के लिए था। आरटीएक्स को नए कमर्शियल जेट्स की कमी का बड़ा फायदा हुआ। कंपनी को पुराने लड़ाकू विमानों के मेंटेनेंस के बड़े ऑर्डर मिले। इसे जेट इंजन की बिक्री बढ़ने से भी फायदा हुआ।
Northrop Grunmman को कम सेल्स के बावजूद ज्यादा प्रॉफिट
Northrop Grunmman ने 2025 में अपने सेल्स के अनुमान को घटाया है। इसके बावजूद उसने कहा है कि यह साल उसके लिए ज्यादा कमाने वाला साल रह सकता है। दुनिया में दो बड़े युद्ध की वजह से हथियारों की मांग बढ़ गई। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लैगशिप गोल्डन डोम मिसाइल डिफेंस सिस्टम से डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए आउटलुक पॉजिटिव नजर आता है।
गोल्डन डोम सिस्टम पर 175 अरब डॉलर खर्च होंगे
आरटीएक्स के मैनेजमेंट ने अर्निंग्स कॉल के बाद वॉल स्ट्रीट के एनालिस्ट्स को बताया कि उम्मीद है कि अमेरिकी सरकार गोल्डन डोम पर अरबों डॉलर खर्च करेगी। गोल्डन डोम सिस्टम पर 175 अरब डॉलर की कॉस्ट आने का अनुमान है। लेकिन, अभी प्रोजेक्ट के बेसिक आर्किटेक्चर को लेकर अनिश्चितता की स्थिति है। Lockheed, Northrop, RTX और Boeing कई तरह के मिसाइल डिफेंस सिस्टम बनाती हैं।
लॉकहीड मार्टिन ने अपना प्रॉफिट अनुमान बढ़ाया
लॉकहीड मार्टिन दुनिया की सबसे बड़ी डिफेंस कॉन्ट्रैक्टर है। इसने 21 अक्टूबर को इस साल के अपने रेवेन्यू और प्रॉफिट के अनुमान को बढ़ा दिया। इसमें इसके लड़ाकू विमानों की लगातार स्ट्रॉन्ग डिमांड का बड़ा हाथ है। यह कंपनी F-35 स्टील्थ फाइटर जेट बनाती है। कंपनी ने कहा है कि तीसरी तिमाही में इसके एयरोनॉटिक्स सेगमेंट की सेल्स 11.9 फीसदी बढ़कर 7.26 अरब डॉलर पहुंच गई।
सेल्स के अनुमान में भी इजाफा
लॉकहीड मार्टिन को 2025 में प्रति शेयर प्रॉफिट 22.15 से 22.35 डॉलर रहने की उम्मीद है। पहले उसने प्रति शेयर प्रॉफिट 21.70 से 22 डॉलर के बीच रहने का अनुमान जताया था। कंपनी ने अपने सेल्स आउटलक का निचला अनुमान 73.75 अरब डॉलर से बढ़कर 74.25 अरब डॉलर कर दिया है। इसका ऊपरी अनुमान 74.75 अरब डॉलर है।