US Strikes In Iran News: ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर हवाई हमलों के बाद न्यूयॉर्क और वाशिंगटन समेत प्रमुख अमेरिकी शहरों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इजरायल के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी वायुसेना ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हवाई हमला किया है। इसमें फोर्डो, नतांज और एस्फाहान जैसे प्रमुख परमाणु ठिकानें शामिल हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (22 जून) को कहा कि सभी अमेरिकी विमान ईरान के हवाई इलाके से बाहर निकल चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने ईरान के परमाणु केंद्रों पर अमेरिका के बम हमलों से बेहद चिंता जताई है।
अमेरिकी हमलों के बाद न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने कहा कि वह ईरान में सामने आ रही स्थिति पर नजर रख रहा है। अत्यधिक सावधानी बरतते हुए हम NYC में धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनयिक स्थलों पर अतिरिक्त जवान तैनात कर रहे हैं। हम अपने एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। हम NYC पर किसी भी संभावित प्रभाव की निगरानी करना जारी रखेंगे।"
मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने भी एक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया कि वह कोलंबिया जिले में निवासियों, कारोबारियों और पर्यटकों की सुरक्षा में मदद करने के लिए सूचना शेयर करने और खुफिया जानकारी की निगरानी करने के लिए स्थानीय, राज्य और संघीय कानून प्रवर्तन भागीदारों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।
ईरान के तीन प्रमुख न्यूक्लियर साइट्स फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर अमेरिकी हमले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश को संबोधित किया। इस दौरान ट्रंप ने बताया कि अमेरिका का मकसद ईरान की न्यूक्लियर एनरिचमेंट कैपेसिटी को तबाह करना था। उन्होंने कहा कि अमेरिका चाहता था कि ईरान के परमाणु खतरे को हमेशा के लिए खत्म किया जाए।
ट्रंप ने राष्ट्र को किया संबोधित
ईरान पर एयर स्ट्राइक के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 40 साल से ईरान, अमेरिका के खिलाफ काम कर रहा है। कई अमेरिकी इस नफरत का शिकार हुए हैं। इसलिए उन्होंने तय किया है कि अब यह और नहीं चलेगा।
ट्रंप ने कहा, "या तो शांति होगी या त्रासदी...। अभी कई टारगेट बचे हैं। अगर शांति जल्दी नहीं आती है, तो हम और अधिक सटीक हमलों के साथ अन्य लक्ष्यों पर हमला करेंगे। इसके साथ ही ट्रंप ने बताया कि जो टारगेट चुने गए थे, वह सबसे कठिन थे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा है कि अगर ईरान ने इजरायल के साथ अपना संघर्ष खत्म नहीं किया, तो वह अधिक सटीक हमले करेगा। अमेरिका का ईरान पर यह हमला भारतीय समय के अनुसार रविवार तड़के 4.30 बजे हुआ है।
ईरान पर एयर स्ट्राइक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रुथ पर लिखा, "हमने ईरान में तीन न्यूक्लियर साइट्स पर अपना बहुत सफल हमला पूरा कर लिया है, जिसमें फोर्डो, नतांज और एस्फाहान शामिल हैं। सभी प्लेन अब ईरान के एयर स्पेस से बाहर हैं। हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई। दुनिया में कोई और सेना नहीं है, जो ऐसा कर सकती थी। अब शांति का समय है! इस मामले पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद।"
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा कि ईरान को अब इस युद्ध को समाप्त करने के लिए सहमत होना चाहिए। ट्रंप का कहना है कि अब ईरान को शांति कायम करना चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे। ऐसी आशंका है कि ईरान कभी भी अमेरिका पर पलटवार कर सकता है। इजरायल ने ईरान के परमाणु स्थलों पर अमेरिका के हमलों के बाद अपने देश का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।