अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ईरान को लेकर कड़ी चेतावनी दी। ट्रंप ने साफ तौर पर कहा है कि आज ईरान पर बहुत जोरदार हमला होगा। उन्होंने कहा कि अब ईरान को इसका बहुत बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि कुछ ऐसे इलाकों और समूहों को भी निशाना बनाया जा सकता है, जिन्हें पहले टारगेट करने की योजना नहीं थी। उनके मुताबिक इन जगहों को पूरी तरह तबाह किया जा सकता है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने उन पड़ोसी देशों से माफी मांगी है, जिन्हें हाल के हमलों में निशाना बनाया गया था। पेजेशकियन ने कहा कि ईरान कोशिश करेगा कि ऐसे इलाकों पर हमला न करे, जब तक कि ईरान पर हमला उन देशों की जमीन से न किया जाए।
ट्रंप ने ईरान की इस माफी को अपनी और इजरायल की सख्त नीति का नतीजा बताया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और इजरायल के लगातार दबाव की वजह से ही ईरान को अपने मध्य पूर्व के पड़ोसी देशों से माफी मांगनी पड़ी और अब वह उन्हें निशाना बनाने से पीछे हट रहा है।
ट्रंप ने कहा मिडिल ईस्ट का लूजर
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ईरान को लेकर कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि लगातार हमलों के कारण ईरान कमजोर पड़ गया है और अब उसने अपने मध्य पूर्व के पड़ोसी देशों से माफी मांग ली है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अपने पड़ोसी देशों के सामने झुकते हुए यह वादा किया है कि अब वह उन पर हमला नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला अमेरिका और इज़राइल के लगातार दबाव और हमलों की वजह से लिया गया है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान लंबे समय से मध्य पूर्व में अपना दबदबा बनाना चाहता था और पूरे क्षेत्र पर नियंत्रण करना चाहता था। उनके मुताबिक, यह पहली बार है जब ईरान को अपने आसपास के मध्य पूर्वी देशों के सामने हार का सामना करना पड़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को “मिडिल ईस्ट का लूजर” भी कहा और चेतावनी दी कि जब तक ईरान पूरी तरह से झुक नहीं जाता, तब तक उस पर कड़ा हमला जारी रहेगा। ट्रंप ने आगे कहा कि आज ईरान पर और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने कहा कि ईरान के व्यवहार को देखते हुए अब उन इलाकों और समूहों को भी निशाना बनाने पर विचार किया जा रहा है, जिन्हें पहले टारगेट करने की योजना नहीं थी। उनके अनुसार, इन जगहों को पूरी तरह तबाह करने तक की कार्रवाई पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।